एक करोड़ 43 लाख से होगा रामलीला मैदान का सुंदरीकरण
Amroha News - हसनपुर, संवाददाता। नगर के झारखंड महादेव शिवाला मंदिर के नजदीक स्थित रामलीला ग्राउंड का कायाकल्प होने जा रहा है। अब आंधी-बरसात के दौरान भी रामलीला म

नगर के झारखंड महादेव शिवाला मंदिर के नजदीक स्थित रामलीला ग्राउंड का कायाकल्प होने जा रहा है। अब आंधी-बरसात के दौरान भी रामलीला मंचन प्रभावित नहीं होगा। बिजली न आने की दशा में भी मैदान रोशनी से जगमग रहेगा। जानकारी के अनुसार नगर के रामलीला मैदान पर 250 से अधिक वर्षों से रामलीला का मंचन होता आ रहा है। वृंदावन समेत कई मशहूर स्थानों के कलाकार यहां रामलीला मंचन करते हैं। शहर और आसपास क्षेत्र के लोग रामलीला मंचन देखने आते हैं। लेकिन अब तक दिक्कत यह थी कि न तो मैदान कवर्ड था और रामलीला मंच पर धूप-बरसात से बचाव के लिए छत आदि की कोई व्यवस्था नहीं थी।
जिसके चलते आंधी-बरसात के दौरान रामलीला मंचन प्रभावित हो जाता था। बरसात में दर्शकों को भी इधर-उधर छिपना पड़ता था। नगर पालिकाध्यक्ष राजपाल सैनी ने बताया कि रामलीला मैदान के सुंदरीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकार करते हुए धनराशि जारी कर दी गई है। कुल एक करोड़ 43 लाख रुपये से सुंदरीकरण कार्य होगा। नगर के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। 15 दिन में काम शुरू होने की उम्मीद है। शेड डालने के साथ ही सोलर प्लांट भी लगेगा हसनपुर। नगर पालिकाध्यक्ष राजपाल सैनी ने बताया कि एक करोड़ 43 लाख रुपये की धनराशि से ग्राउंड पर शेड डाला जाएगा। मैदान पर एक कमरा भी बनेगा। चबूतरे की छतरी और मैदान का फर्श बनाने के साथ अन्य कार्य कराए जाएंगे। यहां सोलर प्लांट भी लगाया जाएगा, जिससे बिजली पर आश्रित न रहना पड़े। अन्य कई विकास कार्य भी होंगे। जल्द कार्य शुरू करा दिया जाएगा। रामलीला और महाशिवरात्रि पर जुटते हैं खासे भक्त हसनपुर। न केवल रामलीला बल्कि महाशिवरात्रि आदि धार्मिक आयोजनों पर भी रामलीला ग्राउंड में खासी तादाद में भक्त जुटते हैं। यहां छाया या छत आदि की व्यवस्था न होने से भक्तों को धूप और बरसात में खासी परेशानी होती थी। शिवाला मंदिर में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए भक्तों की लाइन रामलीला मैदान में पहुंच जाती है। दशहरा के मौके पर यहां कई दिन तक मेला भी लगता है। श्रीशिव महामंडल रामलीला परिषद समिति के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल के मुताबिक रामलीला मैदान के सुंदरीकरण से शहर को नई पहचान मिलेगी। लंबे समय से मैदान के सुंदरीकरण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।