लड़की ने बालिग होते ही रेप आरोपी को जेल छुड़वाकर की थी शादी, अब की खुदकुशी
महिला ने बताया उनकी बेटी का 5 साल पहले हरदोई के युवक से प्रेम संबंध था। तब बेटी नाबालिग थी। परिवारवालों ने आरोप लगाया कि युवक उसे बहलाकर साथ ले गया है। आरोप यह भी लगा कि युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की के साथ रेप किया था।
भविष्य के गर्त में क्या छिपा है..यदि ये पहले ही पता चल जाए तो शायद तमाम जिंदगियां बच जाएं। कानपुर दक्षिण के गोविंदनगर में एक किशोरी जिस युवक के लिए समाज के खिलाफ गई अंत में वह उसी से झगड़ कर फांसी पर झूल गई। किशोरी को युवक बहलाकर ले गया, साथ संबंध बनाए। परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस ने किशोरी को बरामद कर युवक को जेल भेजा। किशोरी तीन महीने बाद बालिग हुई तो युवक को जेल से छुड़वा कर शादी रचा ली। पांच साल में ही दोनों में विवाद होने लगा। बात इतनी बढ़ी कि युवती ने जिंदगी खत्म करने की ठान ली।
गोविंदनगर की महिला ने बताया उनकी बेटी का पांच साल पहले हरदोई के युवक से प्रेम संबंध था। तब बेटी नाबालिग थी। परिवारवालों ने आरोप लगाया कि युवक उसे बहलाकर साथ ले गया है। आरोप यह भी लगा कि युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की के साथ रेप किया था। नाबालिग को भगाने और रेप करने के आरोप पर पुलिस तत्काल ऐक्शन में आ गई। तब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तीन महीने बाद बालिग होने पर बेटी ने युवक को जेल से छुड़वा कर प्रेम विवाह किया।
हालांकि युवक के परिजन इस शादी के खिलाफ थे। महिला ने बताया कि दो साल से बेटी मायके में रहती थी। जबकि दामाद किदवईनगर के होटल में नौकरी करता और वहीं रहता था। उसका घर पर आना-जाना था। दोनों का चार साल का एक बेटा है।
महिला के मुताबिक उनकी बेटी और दामाद के बीच अक्सर झगड़ा होता था। बेटी ने शुक्रवार रात दामाद को वीडियो कॉल फंदा लगा लिया। इंस्पेक्टर गोविंदनगर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।