Badaun Police Arrests Injured Robber After Encounter During Chase दंपति से दिनदहाड़े लूट करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, Badaun Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsBadaun NewsBadaun Police Arrests Injured Robber After Encounter During Chase

दंपति से दिनदहाड़े लूट करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

Badaun News - बदायूं में पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान घायल लूट के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर एक दंपति से चार अप्रैल को लूटपाट की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया माल और तमंचा...

Newswrap हिन्दुस्तान, बदायूंWed, 9 April 2025 04:15 PM
share Share
Follow Us on
दंपति से दिनदहाड़े लूट करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

बदायूं, हिन्दुस्तान टीम। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से लूट के आरोपी घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने अपने साथी के साथ बाइक सवार दंपति से चार अप्रैल को दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार बदमाश के पास से लूटा गया माल और तमंचा-कारतूस बरामद हुए हैं। घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के सहोरा गांव के रहने वाले सर्जन सिंह चार अप्रैल, शुक्रवार दोपहर पत्नी मीना को बरेली के थाना नवाबगंज इलाके के याकूबनगर गांव से लौट रहे थे। इसी दौरान घटपुरी और औरंगाबाद के बीच बाइक ओवरटेक कर दो बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस की चार टीमें लगाई गई थीं।

दंपति से लूट करने वाला एक बदमाश लूटा गया माल लेने के लिए आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम आकाश गौतम पुत्र विशंभर दयाल गौतम, निवासी जिला बरेली, थाना सीबीगंज के गांव खानगोटिया बताया। बदमाश आकाश ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ दंपति से लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद वह फरार हो गया था। लूटपाट के बाद दोनों बदमाशों ने माल एक जगह छिपा दिया था, जिसे आकाश लेने आया था। इसकी भनक पुलिस को लग गई, तो पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। आकाश पुलिस को देखकर भागने लगा। जब पुलिस ने पीछा किया तो आकाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आकाश के पैर में गोली लग गई। उसकी निशानदेही पर लूटा गया माल, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि आकाश के दूसरे साथी की तलाश में चार टीमें लगी हुई हैं और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश आकाश पर दर्जन भर से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। वह मुठभेड़ में घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसके साथी की तलाश की जा रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।