नई परंपरा बताकर पुलिस ने रोका शोभायात्रा का बुलडोजर
Bareily News - फरीदपुर में श्री आदर्श रामलीला प्रबंध समिति द्वारा निकाली जा रही रामनवमी शोभायात्रा में पुलिस ने बुलडोजर को रोक दिया, जिसे नई परंपरा बताया गया। इस पर समिति के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और हंगामा...

फरीदपुर। श्री आदर्श रामलीला प्रबंध समिति की ओर से निकाली जा रही रामनवमी शोभायात्रा के बुलडोजर को नई परंपरा बताकर पुलिस ने रोक लिया। कमेटी के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया और बुलडोजर ले जाने की जिद करते हुए सड़क पर बैठकर हंगामा करने लगे। इस बीच कमेटी के पदाधिकारी और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पर भाजपा आंवला के जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। बवाल न होने की जिम्मेदारी लेने के बाद बुलडोजर के साथ शोभायात्रा निकाली गई। सोमवार को श्री आदर्श रामलीला प्रबंध समिति की ओर से रामनवमी शोभायात्रा सीएएस इंटर कॉलेज खेल मैदान से शुरू हुई। भाजपा आंवला के जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभा यात्रा में विभिन्न झांकियों के आगे बुलडोजर चल रहा था। स्टेशन रोड की भारत माता मंदिर से पूजन के बाद कार्यकर्ता शोभायात्रा को लेकर साहूकारा की ओर जा रहे थे। स्टेशन रोड के बक्सरिया मोहल्ले के तिराहे पर शोभायात्रा पहुंची। इसी दौरान सीओ आशुतोष शिवम एवं इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने नई परंपरा बताकर बुलडोजर को रोक लिया। सीओ के आदेश के बाद पुलिस टीम ने शोभायात्रा से बुलडोजर को निकलवाकर हटा दिया। शोभायात्रा कमेटी के आतिश अग्रवाल, ओमवीर गुर्जर एवं पुष्पेंद्र यादव ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। कमेटी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को पिछले वर्ष की वीडियो दिखाकर परंपरा के मुताबिक बुलडोजर के साथ जुलूस निकालने की अनुमति मांगी, लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस विरोधी नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। सूचना पर भाजपा आंवला के जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम मल्लिका नैन को नई परंपरा न बताकर बुलडोजर के साथ जुलूस निकालने के लिए कहा। इसके बाद बुलडोजर के साथ शोभायात्रा निकालने की सहमति दी गई। जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ शिक्षक जगतपाल सिंह चौहान ने बुलडोजर पर बैठकर सुरक्षात्मक ढंग से शोभायात्रा निकलने का ऐलान किया। जिसके बाद बुलडोजर के साथ परंपरागत मार्ग से शोभायात्रा निकाली गई। पुलिस की कार्रवाई से हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों में रोष व्याप्त है।
धूमधाम से निकाली गई रामनवमी शोभायात्रा
फरीदपुर। श्री आदर्श रामलीला प्रबंध समिति की ओर से रामनवमी शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा करके शोभायात्रा का स्वागत किया। सोमवार को शोभायात्रा का शुभारंभ सीएएस इंटर कॉलेज के खेल मैदान से हुआ। जिसके बाद शोभायात्रा स्टेशन रोड होते हुए बक्सरिया, साहूकारा, फरर्खपुर मोहल्ले से होते हुए प्रभुतानंद सत्संग भवन पहुंची। यहां पर महाआरती का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में राधा कृष्ण, सीताराम, हनुमान बाबा समेत भगवान की तमाम झांकियां अद्भुत शोभा बिखेर रही थीं। एमएलसी कुमार महाराज सिंह ने कुंवर प्लाजा के सामने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की। शोभायात्रा में तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।