कांग्रेस का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन, तालाब पर अवैध कब्जा का आरोप
Bulandsehar News - कांग्रेसियों ने शिकारपुर में तालाब पर अवैध कब्जे की साजिश का आरोप नगर पालिका चेयरमैन पर लगाया। उन्होंने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम से शिकायत की। चेयरमैन ने आरोपों को निराधार बताया और कहा कि तालाब...

कांग्रेसियों ने शिकारपुर में तालाब पर अवैध कब्जा कराने की साजिश का नगर पालिका चेयरमैन पर आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम से शिकायत की है। उधर, नगर पालिका चेयरमैन ने अवैध कब्जे के आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया है। कहा कि शासन के निर्देश पर तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। कुछ लोग बेवजह झूठा आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में शुक्रवार को शिकारपुर से लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। किले वाली/दौज वाली तालाब पर तहसील प्रशासन से साठगांठ कर कब्जा कराने की शिकायत लेकर जिलाधिकारी से मिले। तहसील प्रशासन पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को प्रभावी कार्यवाही करने और जांच कराने का आश्वासन दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि 48 घंटे में प्रशासन ने तालाब पर अवैध कब्जे को नहीं रुकवाया और दोषियों पर कार्यवाही नहीं हुई तो डीएम कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। शिकारपुर निवासी योगेश शर्मा, शिवकुमार शर्मा और वहाब ने कहा कि तहसील प्रशासन से कई बार शिकायत के बाद भी तालाब पर कब्जे से नहीं रोका गया है। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, शिवकुमार शर्मा, योगेश शर्मा, दिनेश पंडित, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, सचिन वशिष्ठ, मनीष चतुर्वेदी, अब्दुल वहीद, इरफान, इमरान, मनोज, अब्दुल वहाब, कमरुद्दीन, ताहिर, तुषार शर्मा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।