बसपा के पूर्व सांसद गिरीश चंद्र जाटव की फिर वापसी, मायावती ने दी यह जिम्मेदारी
- बसपा के पूर्व सांसद गिरीश चंद्र जाटव की फिर वापसी हो गई। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उन्हें एक बार फिर संगठन में जगह दी है। गुरुवार शाम मायावती से मुलाकात के बाद गिरीश चंद्र की बसपा में वापसी हुई। उन्हें जिम्मेदारी दी गई।

यूपी में चार माह के इंतजार के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद गिरीश चंद्र जाटव की पार्टी में फिर वापसी हो गई है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उन्हें एक बार फिर संगठन में जगह दी है और मुरादाबाद मंडल का मुख्य सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया है। गिरीश चंद्र जाटव बिजनौर लोकसभा का बसपा का पूरा कामकाज देखेंगे। गिरीश चंद्र जाटव बिजनौर की नगीना लोकसभा सीट से बसपा के सांसद रहे हैं।
दिसंबर 2024 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते मायावती ने बाहर किया था। लगभग 4 महीने बाद बसपा में उनकी दमदार वापसी हुई। गुरुवार शाम मायावती से मुलाकात के बाद गिरीश चंद्र की बसपा में वापसी हुई। वापसी के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने अब गिरीश चंद्र जाटव को जिम्मेदारी सौंप दी है।
गिरीश चंद्र की राजनीतिक यात्रा छात्र जीवन से शुरू हुई थी, जब वे दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक छात्रों की आवाज़ बने। 1991 में उन्हें को-ऑपरेटिव बैंक का डायरेक्टर निर्विरोध चुना गया। इसके बाद 1994 में वह सभापति बने और 1995 में नगर निगम पार्षद के रूप में चुने गए। इसके बाद कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष बनाए गए।
2000 से 2006 तक उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और अपनी मेहनत से नेतृत्व का विश्वास जीता। इसी भरोसे पर उन्हें मुरादाबाद मंडल का कोऑर्डिनेटर भी बनाया गया। 2007 में चंदौसी विधानसभा सीट से जीतकर विधायक बने। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सुनील आजाद ने कहा कि यह बहाली मिशन के प्रति उनकी वफादारी और प्रतिबद्धता का सम्मान है।