उप डाकघर में लेन देन नहीं होने पर किया प्रदर्शन
Ghazipur News - गहमर के उप डाकघर में लेन-देन न होने से ग्राहक परेशान हैं। सर्वर फेल होने के कारण कई लोग घंटों तक इंतजार करते रहे, लेकिन कोई कार्य नहीं हुआ। नवरात्र के समय पैसे की आवश्यकता है, फिर भी लिंक फेल होने से...

गहमर। उप डाकघर में लेन देन नहीं होने से अपने पैसे की निकासी एवं अन्य कार्यों के लिए आये ग्राहकों में खासा रोष व्याप्त है। गहमर के स्टेशन रोड स्थित उप डाकघर में लेन देन एवं अन्य कार्य नहीं होने से ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को उप डाकघर पर अपने पैसे के लेनदेन एवं अन्य कार्यों के लिए पहुंचे ग्राहक घंटों बैठे रहे, बाद में उप डाकपाल ने बताया कि सर्वर फेल होने के कारण कोई भी कार्य नहीं हो पायेगा। इस पर आक्रोशित लोग डाकघर के सामने नारेबाजी करने लगे। मौजूद लोगों का कहना था कि ये एक दिन की समस्या नहीं है, आये दिन यहां का लिंक फेल रहता है। नवरात्र का समय चल रहा है, इस समय पैसे की बहुत आवश्यकता है। विगत चार दिन से पोस्ट आफिस का चक्कर लगा रहे हैं और रोज लिंक फेल बताकर हमें वापस कर दिया जा रहा है। उप डाकघर पर पहुंचे जगत नारायण सिंह, मिथिलेश गहमरी, सच्चिदानंद उपाध्याय, दामोदर सिंह, लालसा देवी, शांति देवी, कौशल्या देवी, सुशील कुमार,मदनजीत उपाध्याय, अक्षयलाल सिंह, गौरी चौरसिया आदि ने उच्च अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की तरफ आकृष्ट कराया। इस संबंध में उप डाकपाल नीतीश कुमार ने बताया कि आये दिन सर्वर फेल हो जाने से हम लोग और ग्राहक दोने परेशान हो रहे हैं। इसकी शिकायत ऊपर के अधिकारियों से कर चुका हूं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।