सुभाष पासी समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का केस
Ghazipur News - नंदगंज, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के डिहिया में शनिवार को कमरे में विवाहिता

नंदगंज, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के डिहिया में शनिवार को कमरे में विवाहिता का शव मिलने के मामले में पूर्व विधायक सुभाष पासी समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। इसमें आरोपी विवाहिता के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य तीन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस इनकी तलाश में छापेमारी कर कर रही है। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
मरदह थाना क्षेत्र के सेवठा गांव निवासी जयराम पासी की पुत्री पूनम सरोज की शादी वर्ष 2023 में नंदगंज थाना के डिहिया गांव निवासी विनीत पासी के साथ हुई थी। दोनों का 11 माह का एक पुत्र वेद पासी भी है। शनिवार को पूनम का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसका शव घर के एक कमरे में पंखे पर लटकता हुआ मिल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उधर विवाहिता के पिता जयराम ने आए दिन दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित किए जाने और मारकर पंखे से शव लटका देने की तहरीर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पूनम सरोज के ससुर पूर्व ब्लाक प्रमुख देवकली मोती पासी, मोती के भाई पूर्व विधायक सैदपुर सुभाष पासी, पूर्व विधायक की पत्नी रीना पासी और विवाहिता के पति विनीत पासी पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने रविवार को विवाहिता के पति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। फरार तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया शीघ्र अन्य फरार आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।