जैन मुनि ने अहिंसा और जीवों पर दया का संदेश दिया
Hapur News - महावीर चौक, गढ़ गंगानगरी में जैन मुनि नरेंद्र महाराज का तीन दिवसीय प्रवास संपन्न हुआ। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग को सर्वोत्तम बताया और जीवों पर दया और परोपकार का संदेश दिया। मुनि ने भक्तों से...

अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए जीवों पर दया और गरीब निराश्रितों की सहायता करने वालों पर ईश्वर की सदा कृपा बरसती है, जो सुख शांति के पात्र बनकर कष्टों से दूर रहते हैं। पौराणिक गढ़ गंगानगरी में महावीर चौक के पास जैन मुनि नरेंद्र महाराज का तीन दिवसीय प्रवास रविवार की सुबह संपन्न हो गया। अंतिम दिन प्रवचन करते हुए जैन मुनि ने सत्य और अहिंसा के मार्ग को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए जीवों पर दया और परोपकार करने का संदेश दिया। जैन मुनि ने कहा कि मनुष्य के जीवन में संयम, अहिंसा, तप और दया का आज भी उतना ही महत्व है, जितना आदि काल में माना जाता था।
क्योंकि जीवों पर दया, आपसी प्रेम और परोपकार की भावना मनुष्य को जल, नभ, थल में विचरण करने वाले अन्य जीवों से श्रेष्ठ बनाती है। इसलिए हमें मानव यौनि में जन्म मिलने का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। नरेंद्र मुनि ने कहा कि धर्म मानव को संयम, सेवा और सत्य के मार्ग पर ले जाता है। नरेंद्र मुनि ने भक्तों से आह्वान किया कि सत्य के मार्ग पर चलकर बच्चों को भी धर्म के वास्तविक रूप को समझाएं, ताकि वे भी धर्म मार्ग पर चलकर कुरीतियों से बचते हुए संस्कारवान बन सकें। उन्होंने सभी से जरूरतमंदों की मदद और संतों की सेवा करने का भी आह्वान किया। प्रवास कार्यक्रम के समापन उपलक्ष्य में सराफा कारोबारी धनवंत जैन और सौरभ जैन ने अपने अहाते में भंडारा किया। जिसमें पवन जैन, रुचिर जैन, नितिन जैन, भैरो बाबा मंदिर के संस्थापक पंडित अशोक शर्मा दाता, पूर्व सभासद विजय शर्मा, प्रमोद शर्मा पप्पी, राजू भैया, संगीता जैन, शिखा जैन, राजकुमार भारद्वाज, शिखा शर्मा, उज्जवल पंडित, कन्नी, कुलदीप शर्मा, प्रशांत शर्मा, प्रिंस शर्मा, मदन शर्मा समेत सैकड़ों अनुयाई मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।