सुबह दस बजे से ही आग उगलने लगा सूरज
Jaunpur News - 0 43.6 डिग्री तापमान में भीषण गर्मी से त्रस्त हो गया जनजीवन । अप्रैल माह में दिनोदिन तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। बुधवार को 43.6 डिग्री सेल्सियस ताप

जौनपुर, संवाददाता। अप्रैल माह में दिनोदिन तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। बुधवार को 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान में भयंकर गर्मी से आम जनजीवन त्रस्त हो गया। सुबह 10 बजे से सूर्य आग उगलने लगे थे। दोपहर से पूर्व ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया था। लोग घरों में दुबके पड़े रहे। शाम चार बजे से बाजारों की रौनक वापस लौटी। न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस था। दिनभर लू की तरह गर्म पछुआं हवा चली जिसे झेलने को लोग विवश रहे।
भीषण गर्मी के बावजूद अभी शहर से लेकर ग्रामीण इलाके की बाजारों में प्याऊ की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। तिराहे चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण के चलते पेड़ों की कटाई छंटाई हो गई है। राहगीर प्रचंड धूम में खड़े होकर वाहनों का इंतजार करते हैं। रोडवेज पर तो और खराब स्थिति है। कहीं छाया नहीं है। यात्री बस के इंतजार में यात्री प्रतीक्षालय के नाम पर बने टीनशेड में तपते बैठे देखे जाते हैं। सुबह आठ बजे से ही गर्म हवा के थपेड़े आने लगे थे। दिनभर लोग सिर व मुंह को तौलिया या गमछा से ढ़क कर चल रहे थे। गर्मी चरम पर होने से सबसे अधिक परेशानी रिक्शा, साइकिल व दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। रात का आलम यह है कि छत का पंखा जैसे आग उगल रहा है। सिर्फ कूलर और एसी ही राहत दे पा रहे हैं। जबकि यह आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं।
सब्जी और चारा फसल की बराबर करें सिंचाई
तेज धूप व गर्मी के चलते किसान चारा और सब्जी फसल की बराबर सिंचाई करें। अन्यथा फसल सूख जाएगी। कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा के समन्वयक वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.सुरेश कुमार कनौजिया ने किसानों को सलाह दी है कि चारा फसल व सब्जी की सिंचाई शाम को सूर्य डूबने के बाद ही करें। खेत में नमी बनाए रखें। अन्यथा फसल नष्ट हो जाएगी। जलालपुर के सब्जी किसान बब्बू मौर्या का कहना है कि शाम को खेत में पानी लगा देते हैं लेकिन पंपसेट बंद होते ही खेत से पानी नदारद हो जा रहा है। फसल की सिंचाई करते परेशान हो जा रहे हैं।
आज और भयंकर होगी स्थिति
मौसम के जानकार डा.दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को स्थिति और भी भयंकर होने की संभावना है। दिन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। उन्होंने बताया कि मौसम बिल्कुल सूखा और भीषण गर्म हवा वाला होगा। पछुआ हवा 15 से 25 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलकर कहर ढाएगी। अधिकतम आर्द्रता 45 और न्यूनतम 25 रहने की संभावना है। ऐसी स्थिति 28 अप्रैल तक बनी रहने की पूरी उम्मीद है। एक मई के बाद मौसम में परिवर्तन होने का अनुमान है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।