सीजन का सबसे गर्म दिन, 40 के पास पहुंचा पारा
Kanpur News - पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में हीट वेव का प्रकोप बढ़ गया है। आगरा, हमीरपुर और झांसी में तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। कानपुर के सीएसए वेदर स्टेशन पर तापमान 39.5 डिग्री...

पश्चिमी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश भी हीट वेव का शिकार हो गया। एक दिन पहले ही कड़ी धूप ने तापमान बढ़ा दिया। आगरा, हमीरपुर और झांसी में पारा 42 के पार चला गया तो कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के वेदर स्टेशन पर पारा सीजन का सबसे अधिक 39.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान लू भी चली। सिंध और बलूचिस्तान की ओर से आने वाली गर्म और शुष्क रेगिस्तानी हवाएं राजस्थान और गुजरात तक सीमित नहीं रह गई हैं। यूपी के पश्चिमी जिलों में सोमवार से हीट वेव शुरू होनी थी लेकिन पश्चिमी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जनपदों में भी शुरू हो गई। दिन भर चली लू, चेहरे मुरझाए : सीजन का पहला दिन था जब हल्की गति से लू चली। धूप की तेजी भी कम नहीं थी। इससे राहगीरों पर असर पड़ा। स्कूल की छुट्टी के समय बच्चे भी बेहद परेशान हुए। मई जैसी गर्मी का अहसास कर रहे बच्चों को जो अभिभावक खुद ले गए उन्होंने पूरी एहतियात बरती। कोई खुले रिक्शे में गया तो कोई तपती बस, ई रिक्शा या अन्य वाहनों में।
सीएसए वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 38.2 से 39.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 03.2 डिग्री अधिक है। रात का पारा 16.8 से बढ़कर 17.5 डिग्री हो गया जो सामान्य से अधिक है। मार्च में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा था। अप्रैल में पहली बार तापमान 39.5 डिग्री पहुंचा है। इससे बढ़ती गर्मी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।