मनमानी फीस वसूली को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
Kausambi News - कांग्रेसियों ने शुक्रवार को प्राइवेट स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूलने के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय से कलक्ट्रेट तक मार्च किया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने कहा कि...

प्राइवेट स्कूलों पर मनमानी फीस वसूलने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कांग्रेसी सड़क पर आ गए। पार्टी कार्यालय से लेकर कलक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। फीस निर्धारित नहीं किए जाने पर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय ने कहा कि महंगाई के इस दौर में लोगों के सामने परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। डबल इंजन की सरकार में महंगाई दिनों-दिन बढ़ रही है। कभी पेट्रोल का दाम बढ़ाया जाता है तो कभी घरेलू गैस सिलेंडर का। दैनिक उपयोग के सामानों की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस बीच स्कूल प्रबंधकों ने शिक्षा के मंदिरों को लूट का अड्डा बना दिया है। वह मनमाने तरीके से फीस वृद्धि करके उसकी वसूली कर रहे हैं। यूनिफार्म और कॉपी-किताब तक में वसूली का खेल चल रहा है। वरिष्ठ नेता सरदार हुसैन उर्फ नैयर रिजवी ने कहा कि स्कूलों को सरकार की मौन स्वीकृति पर ही लूट तंत्र बनाया गया है। यही वजह है कि सरकार और सिस्टम सबकुछ जानकर भी आंख-कान बंद किए है। एडीएम ने ज्ञापन राज्यपाल कार्यालय को भेजने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर पूर्व विधायक विजय प्रकाश, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित द्विवेदी आजाद, राजेंद्र द्विवेदी, रामबहादुर त्रिपाठी, मो. इरफान, आशीष मिश्रा उर्फ पप्पू, कौशलेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।