ट्रांसफार्मर व केबल फुंकने से ठप रही मुख्यालय की आपूर्ति
Kausambi News - जनपद मुख्यालय मंझनपुर में 250 केवीए का ट्रांसफॉर्मर और केबल फुंकने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं को साढ़े पांच घंटे तक गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली कर्मियों ने तुरंत दूसरा ट्रांसफॉर्मर...

जनपद मुख्यालय मंझनपुर की विद्युत आपूर्ति पूर्वाह्न 11 बजे ट्रांसफॉर्मर और केबल फुंकने से ठप हो गई। दोपहर में भीषण तपिश व गर्मी में मुख्यालय के उपभोक्ता परेशान रहे। साढ़े पांच घंटे बाद शाम साढ़े चार बजे आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। रविवार पूर्वाह्न मुख्यालय मंझनपुर में लगा ढाई सौ केवीए का ट्रांसफॉर्मर अचानक फुंक गया। इतना ही नहीं ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति के लिए लगी केबल भी जल गई। इससे मुख्यालय के कई वार्डों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली गुल होने की सूचना बिजली कर्मियों से लेकर उपकेंद्र तक की। जानकारी होने पर जेई चंद्रिका प्रसाद मौर्य ने कर्मचारियों को मौके पर भेजा। मामला मुख्यालय का होने के कारण आनन-फानन में वर्कशॉप से ट्रांसफॉर्मर उठवाकर लगवाया गया। इसके बाद जली हुई केबल भी कर्मचारियों ने बदल दी। इस दौरान पूर्वाह्न 11 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक साढ़े पांच घंटा बिजली नहीं रहने से उपभोक्ता गर्मी से परेशान रहे। शाम को आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
250 केवीए का ट्रांसफॉर्मर और उसके केबल में खराबी आने के कारण कुछ वार्डों की आपूर्ति ठप रही। जानकारी होते ही दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगवाने के साथ ही आई खराबी को दूर कराते हुए आपूर्ति बहाल करा दी गई।
चंद्रिका प्रसाद मौर्य, जेई मंझनपुर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।