गंगा में डूबे युवक का तीसरे दिन भी पता नहीं
Kausambi News - फतेहपुर के 32 वर्षीय नरेंद्र कुमार ने बीमारी से परेशान होकर कड़ा के कुबरी घाट पर गंगा में छलांग लगाई थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। प्रयागराज से आई एसडीआरएफ की टीम लौट...

बीमारी से परेशान होकर कड़ा के कुबरी घाट पर गंगा में छलांग लगाने वाले फतेहपुर निवासी युवक का शुक्रवार को तीसरे दिन भी सुराग नहीं लग सका। प्रयागराज से आई एसडीआरएफ गुरुवार की देर शाम ही वापस लौट गई। अब स्थानीय गोताखोरों की टीम खोजबीन में जुटी हुई है। युवक का अता-पता नहीं मिलने से उसके परिवार वालों की रो-रोकर हालत खराब होती जा रही है। फतेहपुर जनपद के खागा थाना क्षेत्र के बैरागी गांव का 32 वर्षीय नरेंद्र कुमार पुत्र विनोद कुमार अहमदाबाद में रहकर कपड़ों की सिलाई का काम करता था। वह गुर्दे की बीमारी से परेशान था। कुछ दिन पहले अहमदाबाद में उसका ऑपरेशन हुआ था। दो दिन पहले ऑपरेशन के बाद डाली गई एक नली पीठ की तरफ निकल आई थी। जिससे उसको तेज दर्द हो रहा था। बीमारी से तंग आकर बुधवार की सुबह उसने कड़ा के कुबरी घाट पर गंगा में छलांग लगा दी थी। इससे पहले फोन कर पिता को बताया भी था कि वह गंगा में कूदने जा रहा है और कुबरी घाट आकर लाश ले जाएंगे। गुरुवार को गंगा में समाए युवक की खोजबीन करने प्रयागराज से एसडीआरएफ आई थी। शाम तक खोजबीन के बाद टीम खाली हाथ लौट गई। कड़ा धाम थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की तलाश के लिए स्थानीय चार गोताखोरों को लगाया गया है। गंगा में जाल भी डलवाया गया है। पांच किमी के दायरे में शुक्रवार को खोजबीन की गई। युवक को बरामद करने की हर संभव कोशिश जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।