पीओके के लोग खुद बोलेंगे, हमें भारत में मिलाया जाए : राजनाथ
Lucknow News - रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में कहा कि पीओके के लोग भारत में मिलना चाहेंगे। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था के विकास और सैन्य ताकत में वृद्धि पर जोर दिया। डिजिटल लेनदेन में भारत पहले स्थान पर है और...

रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि पीओके के लोग खुद बोलेंगे कि हमें भारत में मिलाया जाए और मुझे विश्वास है कि वह दिन जल्द आएगा। जनसंवाद में उन्होंने यह बात कही। रक्षा मंत्री ने लखनऊ उत्तर और पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। छावनी क्षेत्र के विस्थापितों को मकान की चाबी सौंपी और अलीगंज में प्रतिमा का लोकार्पण किया। महापौर, पूर्व महापौर समेत कई पार्टी कार्यकर्ताओं के आवास पर उनसे भेंट की। उत्तर क्षेत्र के संवाद में राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने करिश्माई काम किया है। दुनिया में धारणा थी कि भारत गरीबों का देश है। अब यह सोच बदली है। भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंची है और वित्तीय संस्थानों का दावा है कि अगले दो साल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
डिजिटल लेनदेन में भारत दुनिया में नंबर वन
रविवार को महर्षि विश्वविद्यालय सभागार में लखनऊ उत्तर मण्डल चार के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद को सम्बोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि 11 साल पहले भारत में केवल दो फैक्टरियां मोबाइल बनाती थीं। आज 270 निर्माण इकाइयां काम कर रही हैं। डिजिटल लेनदेन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है। रक्षा मामलों में स्थिति यह थी कि छोटे-छोटे कल पुर्जे भी बाहर से मंगाने पड़ते थे और छह सौ करोड़ का सामान निर्यात होता था। तब कहा जाता था कि बड़ा निर्यात हो रहा है। आज हम 24 हजार करोड़ का आयुध निर्यात कर रहे हैं और वर्ष 2029 तक यह 50 हजार करोड़ तक पहुंचाएंगे।
भारत की सैन्य ताकत बढ़ी
जनसंवाद के खुले मंच पर पीओके को भारत में मिलाने की मांग उठी। कहा गया कि मुस्लिम लीग ने पाकिस्तान बनाने की मांग लखनऊ से ही उठाई थी और आज वह समय आ गया है कि पीओके को भारत में मिलाया जाए। रक्षामंत्री ने कहा कि पीओके के लोग खुद बोलेंगे कि हमें भारत में मिलाया जाए और मुझे विश्वास है कि वह दिन जल्द आएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत की सैन्य ताकत बढ़ी है। लखनऊ में बनी ब्रह्मोस मिसाइल का दुनिया भर में निर्यात होगा, जिसका उद्घाटन मैं 11 मई को करने जा रहा हूं। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं इस सच्चाई को स्वीकार करता हूं कि जितना संभव होना चाहिए, वह नहीं हो पाया है। आपने तीसरी बार मुझे सांसद चुना और 11 वर्षों से लगातार गृह मंत्री और रक्षा मंत्री के दायित्व निभा रहा हूं। देश के साथ-साथ विदेश भी रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सारी व्यस्तताओं के बावजूद लखनऊ के लिए जो भी कर पाया हूं वह आप सबकी शुभकामनाओं से हुआ है और उसका पूरा श्रेय आपको जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।