उमस ने किया बेहाल, कूलर और पंखे नाकाफी रहे
Lucknow News - सोमवार को तपिश और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से तापमान 42-43 डिग्री तक पहुंच सकता है। हवा में नमी 72 फीसदी रही और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले...

तपिश के साथ बढ़ी उमस से सोमवार को लोग बेहाल हो गए। हवा में नमी की अधिकता के कारण पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा था। कूलर और पंखे गर्मी से राहत दिलाने में नाकाफी साबित हो रहे थे। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से तपिश और बढ़ेगी। साथ ही हवा शुष्क होने लगेगी। सुबह हल्की बदली रही लेकिन दोपहर तक आसमान पूरी तरह से साफ हो गया। बाहर निकलने वालों को धूप चुभती महसूस हो रही थी। हवा में नमी की मात्रा 72 फीसदी तक पहुंच गई। बाहर निकलने वाले गर्मी और उमस से बेहाल रहे। शाम को भी उमस ने परेशान रखा।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार देश के कुछ पश्चिमी हिस्सों, हरियाणा, राजस्थान में 24 घंटों के दौरान कुछ जगह बारिश हुई है। इस वजह से हवा नम है। हवा की गति दिन में बढ़ गई थी। यही वजह रही जो लोगों को उमस महसूस हुई। पश्चिमी विक्षोभ से बारिश हुई, जो सोमवार की शाम तक कमजोर पड़ गया है। ऐसे में हवा की नमी कम होने के साथ तपिश बढ़ने लगेगी। मौसम गर्म और शुष्क होने लगेगा। अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा 26.8 दर्ज किया गया। आज दो से तीन डिग्री बढ़ सकता है पारा अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार तापमान 40 डिग्री के ऊपर न जाने की वजह तेज पछुआ रही। हवा में नमी की वजह से तापमान ज्यादा नहीं बढ़ा लेकिन गर्मी काफी महसूस हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री ज्यादा यानी 42-43 तक जाने का पूर्वानुमान है। अगले तीन चार दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार तपिश अब धीरे धीरे बढ़ती रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।