नेपाल के बदले हालात से पर्यटकों ने मोड़ा मुंह
Maharajganj News - नेपाल में राजनीतिक आंदोलन के कारण पर्यटन उद्योग प्रभावित हो रहा है। 2025 में मार्च में 121,687 विदेशी पर्यटक नेपाल आए, जो 2024 की तुलना में 5.1 प्रतिशत कम है। भारतीय पर्यटकों की संख्या में भी गिरावट...

सोनौली, हिन्दुस्तान संवाद। नेपाल में बदलते हालात ने पर्यटन को चोट पहुंचाई है। राजतंत्र को वापस लाने के लिए आंदोलन, राष्ट्रीय राजतांत्रिक पार्टी की ओर से हिन्दू राष्ट्र की मांग को लेकर आंदोलन का असर नेपाल के पर्यटन उद्योग पर असर डाल रहा है। पर्यटकों ने नेपाल से मुंह मोड़ा है। पिछले साल की तुलना में पांच फीसदी विदेशी नेपाल में कम पहुंचे हैं।
नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार मार्च 2025 में 121,687 पर्यटक नेपाल पहुंचे। यह 2024 की तुलना में 5.1 प्रतिशत कम है। जैसे-जैसे नेपाल में मुख्य पर्यटन सीजन नजदीक आ रहा है, पर्यटकों के आगमन का रुझान घट रहा है। इससे पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों में चिन्ता बढ़ती जा रही है। वर्ष 2025 की शुरुआत से पर्यटकों के आगमन में पिछले वर्ष की तुलना में कमी आई है। जनवरी 2024 और 2025 के आसपास पर्यटक आये। लेकिन फरवरी और मार्च में पर्यटकों के आने की संख्या में कमी दर्ज की गई।
मार्च 2025 में 121,687 पर्यटक नेपाल आए। यह 2024 की तुलना में 5.1 प्रतिशत कम हैं। बोर्ड के अनुसार पिछले वर्ष मार्च में 128,171 पर्यटक आये थे। 2019 की तुलना में भी इस वर्ष पर्यटकों के आगमन में गिरावट आई है। उस समय 127,351 पर्यटक नेपाल आए थे। पर्यटकों के आगमन पर इसका प्रभाव देखा गया है क्योंकि भारत सहित दक्षिण एशियाई क्षेत्र से पर्यटकों के आगमन में कमी आई है। पिछले वर्ष मार्च में दक्षिण एशियाई देशों से 40,727 पर्यटक आए थे, जबकि इस वर्ष 35,287 पर्यटक आए। जो कि 13.4 प्रतिशत कम है। इस बीच, इस महीने यूरोप से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी 10.5 प्रतिशत की गिरावट आई है। अमेरिकी पर्यटकों के आगमन में भी मामूली सुधार हुआ है।
मार्च 2025 में सबसे अधिक भारतीय पर्यटक आये। इसके बाद चीन का स्थान रहा। इस महीने 11,443 चीनी लोग आये। अमेरिकी पर्यटक तीसरे स्थान पर हैं। इस माह 11,092 अमेरिकी आये हैं। श्रीलंका चौथे स्थान पर है। श्रीलंका से 8,886 पर्यटक नेपाल पहुंचे, जबकि पांचवें स्थान पर रहे यूनाइटेड किंगडम से 5,995 लोग आये हैं।
भारतीयों की संख्या में गिरावट जारी:
नेपाल में भारतीय पर्यटकों के आगमन में लगातार गिरावट आ रही है। कारोबारियों के अनुसार, महंगा हवाई किराया और राजनैतिक आंदोलन इसका प्रमुख कारण है। मार्च 2025 में 21,412 भारतीय पर्यटकों ने नेपाल की वादियां घूमी, जबकि पिछले साल मार्च में 30,698 लोग नेपाल पहुंचे थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।