ऑपरेशन जागृति केवल अभियान नहीं, सामाजिक क्रांति : एडीजी
Mainpuri News - मैनपुरी। अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मिशन जागृति अभियान कार्यक्रम के तहत सुदिती ग्लोबल एकेडमी में अभियान से जुड़े बिंदुओं पर बात

अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मिशन जागृति अभियान कार्यक्रम के तहत सुदिती ग्लोबल एकेडमी में अभियान से जुड़े बिंदुओं पर बात की और इससे होने वाले लाभ गिनाए। कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। इसी के तहत जागरुकता कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं को कानून से मिलने वाले अधिकारों के प्रति जागरुक किया जा रहा है। एडीजी ने पुलिस लाइन के सभागार में चौकीदारों को साइकिलें बांटी और पुलिस लाइन में पुलिस पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। एडीजी ने कहा कि ऑपरेशन जागृति जागरूकता का नया युग है। ऑपरेशन जागृति केवल अभियान नहीं, सामाजिक क्रांति है।
महिला सुरक्षा तभी संभव है जब हम सभी जागरूक बनें। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालिकाओं ने समाज में व्याप्त लैंगिक असमानता, शोषण और महिलाओं की स्थिति पर करारा प्रहार किया। भ्रूण हत्या पर आधारित नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को सोचने पर विवश कर दिया। डीआईजी आगरा क्षेत्र शैलेश कुमार पांडेय ने कार्यक्रमों को सराहा और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि महिलाएं सुरक्षित हों, यही सच्चा विकास है। सीडीओ नेहा बंधु ने क्षेत्र में हो रहे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि ऑपरेशन जागृति जैसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत हैं। वरिष्ठ प्रधानाचार्य डा. राम मोहन ने कहा कि आज की छात्राएं कल की नीति निर्माता हैं उन्हें सशक्त करना ही हमारा कर्तव्य है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।