निर्माणाधीन प्लाट पर फंदे से लटका मिला युवक का शव
Mainpuri News - एलाऊ। थाना क्षेत्र के मैनपुरी-कुसमरा मार्ग पर ग्राम दिवलपुर के निकट निर्माणाधीन मकान के पिलर से युवक का शव लटका देखा तो सनसनी फैल गई।

थाना क्षेत्र के मैनपुरी-कुसमरा मार्ग पर ग्राम दिवलपुर के निकट निर्माणाधीन मकान के पिलर से युवक का शव लटका देखा तो सनसनी फैल गई। सुबह के समय लोग टहलने निकले थे तो गमछे के सहारे शव लटका था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम चिरैयापुर निवासी 38 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र गंगाराम अपने बहनोई दिवलपुर निवासी जवाहर सिंह जाटव के घर पर एक वर्ष से रह रहा था। गुरुवार की सुबह दिनेश का शव पिलर पर गमछे के सहारे लटका देख ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर एलाऊ थाना प्रभारी अवनीश त्यागी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। मृतक के बहनोई जवाहर सिंह ने बताया कि दिनेश की शादी नहीं हुई थी। बुधवार की शाम दिनेश गांव के अन्य लोगों के साथ क्षेत्र के गांव औंग में दावत खाने गया था। वापस आकर घर पर लेट गया। रात में किसी समय घर से गायब हो गया। सुबह राहगीरों से सूचना मिली तब जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस एवं फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी का कहना है कि मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।