Poor Infrastructure in Fulepur South Ward Residents Struggle for Basic Amenities सफाई न पानी, यही है फुलेरपुरा दक्षिणी की कहानी, Mau Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMau NewsPoor Infrastructure in Fulepur South Ward Residents Struggle for Basic Amenities

सफाई न पानी, यही है फुलेरपुरा दक्षिणी की कहानी

Mau News - मऊ के कोपागंज नगर पंचायत के फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड की स्थिति खराब है। यहां सड़कों, जलनिकासी, और पीने के पानी की समस्याएं हैं। विकास कार्यों का अभाव और प्रशासन की अनदेखी के कारण लोग परेशान हैं।...

Newswrap हिन्दुस्तान, मऊFri, 25 April 2025 03:49 AM
share Share
Follow Us on
सफाई न पानी, यही है फुलेरपुरा दक्षिणी की कहानी

मऊ। नगर पंचायत कोपागंज का फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड तीन बदइंतजामी और अनदेखी का जीता-जागता उदाहरण बन गया है। दो वर्ष पूर्व सीमा विस्तार में ग्राम पंचायत से वार्ड बनाए बनाए गए इस वार्ड की हालत इतनी बदतर है कि यहां विकास के नाम पर सिर्फ अधूरे काम और जनता की परेशानी देखने को मिलती है। वार्ड में हर दिशा से लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। खराब सड़कों, अधूरी नाली निर्माण, गंदगी, जलनिकासी की समस्या और पीने के पानी की परेशानी ने यहां के बाशिंदों का जीवन दूभर बना दिया है। समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कोई संजीदगी नहीं दिखाई दे रही है। कोपागंज नगर पंचायत के वार्ड तीन फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड की कुल आबादी लगभग 22 सौ के ऊपर है। जब गांव से नगर में शामिल हुए तो लोगों को बहुत खुशी हुई थी कि अब विकास होगा। लेकिन दो वर्ष बीत चुके हैं अब तक कोई भी विकास कार्य नहीं कराया गया है। मुख्य मार्ग से वार्ड के अंदर जाने वाली सड़क जर्जर है, जो वर्षों पहले कुछ दूर आरसीसी बनी है। बाकी कहीं कच्ची तो कुछ स्थानों पर खड़ंजा है। वहीं वार्ड के अधिकतर गलियों में अब भी सड़क कच्ची पड़ी हुई है। बारिश के दिनों में जलभराव हो जाता है और लबालब पानी के बीच लोग आने-जाने को विवश होते हैं। वहीं वार्ड के अंदर जलनिकासी की अबतक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। नालियां नहीं बनी होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर या अगल-बगल खाली पड़ी प्लाटों में जमा हो रहा। इससे लोग संक्रामक बीमारियों के चपेट में आ रहे हैं। वहीं, वार्ड में 100 मीटर तक नाली निर्माण कराकर आधा अधूरा छोड़ दिया गया है। जिसे अबतक पूरा नहीं किया जा सका है। नाली का निर्माण कार्य पूरा हो जाता तो कुछ हद तक लोगों को जलनिकासी की समस्या से निजात मिल जाती। वहीं वार्ड में बसे कुछ गरीब परिवार के लोगों का घर टिनशेड का बना हुआ है। उसके मालिकों ने बताया आवास के लिए आवेदन किया गया है, लेकिन कोई जांच अबतक नहीं हो पाई है। वार्ड में खाली जगह और सड़क किनारे कूड़े का अंबार लगा हुआ है। सफाईकर्मी तो आतें है, लेकिन मुख्य रास्ते पर झाड़ू मारकर कोरम पूर्ति करते हैं। वार्डवासियों का कहना है कि फुलेरपुरा दक्षिणी में शहरी मूलभूत सुविधाओं का पूर्ण रूप से लाभ सभी को नहीं मिल पा रहा है। इसकी शिकायत करने के बाद भी अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वार्डवासियों को ही मिल रहा शुद्ध पानी

मऊ। कोपागंज नगर पंचायत के फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड में पेयजल की भी समस्या बड़ी है। वार्ड में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन एक वर्ष पूर्व तो बिछाई गई, लेकिन देखरेख के अभाव में जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं वार्ड में लगाया गया मोटर पंप भी बदहाल पड़ा हुआ। लगने के 10 से 15 दिन ही चल सका, इसके बाद से बंद पड़ा हुआ है। उसको सुरक्षित भी नही किया गया है। और न ही पानी एकत्रित करने के लिए ओवरहेड टैंक का ही निर्माण किया गया है। वार्ड के लोगों ने बताया मोटर पंप लगा तो कुछ दिन आपूर्ति मिली। फिर इसे बंद कर दिया गया। एक वर्ष से ऐसे ही बदहाल पड़ा हुआ है। वहीं वार्ड में आवश्यकता के अनुरूप इंडिया मार्का हैंडपंप भी नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में लोगों को पानी देसी नल से पीना पड़ रहा है।

नगर का तमगा मिलने से जगी थी उम्मीद

मऊ। वार्ड के लोगों का कहना है कि नगर का तमगा मिलने से उम्मीद जगी थी कि अब हमें भी शहरी सुविधाएं मिलेंगी। जिम्मेदारों की उदासीनता से सारे सपने काफूर हो गए हैं। बारिश के दिनों सबसे बड़ी दुश्वारियां होती हैं। वार्ड जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जलनिकासी के बेहतर प्रबंध नहीं होने से बारिश का पानी कई दिनों तक जमा रहता है।

बांस-बल्ली के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति

मऊ। कोपागंज नगर पंचायत के फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड के बड़े हिस्से में आज भी बिजली आपूर्ति बांस-बल्ली के सहारे ही हो रही है। वार्ड के लोगों का कहना है कि लोग अपने घरों तक केबल बल्लियों के सहारे लेकर गए हैं। वहीं कई जगहों पर एक साथ दर्जन भर तार छतों की कुंडियों से रस्सी से बांधकर गए हुए हैं। ये इस गर्मी में हादसे को दावत है। वहीं बांस-बल्ली के सहारे टंगे बिजली तार काफी नीचे लटक रहे हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। वहीं बिजली के जो खंभे गड़े हैं उन पर स्ट्रीट लैंप नहीं है। ऐसे में रात होते ही वार्ड में अंधेरा छा जाता है।

जलनिकासी को चौड़ा नाला बनाने की मांग

मऊ। फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड में जलनिकासी के लिए ग्राम पंचायत के समय बनी नाली पुरानी होने की वजह से जगह-जगह चोक हो गई है। जहां नहीं बनी है वह लोग घरों के सामने या खाली स्थान पर गड्ढा बनाकर गंदा पानी गिरा रहे हैं। बारिश के दिनों में नाला न बनने से लोगों को दुश्वारियां उठनी पड़ती है। वार्ड के लोगों ने नगर के जिम्मेदारों से चौड़ा नाला बनाने की मांग की है।

वार्ड में साफ-सफाई और दवा छिड़काव की जरूरत

मऊ। फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड में साफ-सफाई की कमी है। सड़क किनारे और खाली प्लाट में कूड़ा-करकट एकत्र होने की वजह गंदगी फैली है। खुली नालियों में पानी जमा रहता है। इससे उठती दुर्गंध से लोग परेशान हैं। वहीं मच्छर पनपने से संक्रामक बीमारी फैल सकती है। लोगों ने साफ-सफाई और मच्छरों से बचाव के लिए दवा छिड़काव एवं फागिंग कराने की मांग की है।

खुले में शौच को मजबूर वार्डवासी

मऊ। फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड के कई परिवारों के पास निजी शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इससे खुले में शौच करने की मजबूरी है। इसकी गंदगी सड़क किनारे और चकरोड पर दिखाई पड़ती है। इससे राहगीरों को आने जाने में परेशानी होती है। वार्ड के गरीब परिवार के लोगों ने बताया कि शौचालय की व्यवस्था पात्रों को निजी करने के साथ सार्वजनिक शौचालय का भी निर्माण कराया जाए, ताकि खुले में शौच से मुक्ति मिल सके।

हमारी भी सुनें

फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड में जलनिकासी का प्रबंधन ठीक नहीं है। इससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर या आसपास खाली प्लाट में जमा हो रहा है। इससे उठती दुर्गंध से लोगों जीना मोहाल हो गया है। जलनिकासी के मुख्य नाला और घरों के पास नाली का निर्माण कराया जाए, जिससे जलनिकासी की समस्या समाप्त हो।

- जोगेंद्र चौहान।

वार्ड में सड़कों की हालत खराब है। यहां अधिकतर सड़कें आज भी कच्ची हैं। कुछ स्थानों पर पूर्व में बनी आरसीसी सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है। विकास और अन्य सुविधाओं को लेकर सरकार की ओर से काफी धन खर्च किया जा रहा है। इसके बाद भी इस वार्ड में कोई विकास नहीं दिख रहा है। इसको लेकर कोई कार्रवाई भी नहीं हो रही है।

- वृंद सोनकर।

वार्ड की अधिकतर खड़ंजा सड़क प्रधानी के कार्यकाल में बनाई गई है। वर्तमान समय में जगह-जगह टूटकर ध्वस्त हो गई है। सड़क अगल-बगल और गलियों के बीच रास्ते में बनी नालियां ढक्कनविहीन होने से कूड़ा-करकट भरने से जाम हो गई है। इससे सड़ांध होने पर उठतीं दुर्गंध से जीना दुश्वार है।

- राकेश सोनकर।

वार्ड में सफाईकर्मियों की टोली पहुंचकर साफ-सफाई सड़कों की कर चली जाती है। सड़क किनारे बनी नालियों की सफाई कम ही करते हैं। बेहतर साफ-सफाई और दवा छिड़काव कराने की जरूरत है, ताकि बढ़ती गर्मी में मच्छर जनित और अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में लोग न आएं।

- अनिल सोनकर।

फुलेरपुरा दक्षिणी वार्डवासी शहरी मूलभूत सुविधाओं की खराब हालत से परेशान हैं। सड़क, बिजली, शुद्ध पानी और जलनिकासी व्यवस्था को ठीक करने के लिए लगातार आवाज उठाई जा रही है पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।

- मनीष चौहान।

नगर पंचायत विस्तार के बाद फुलेरपुरा दक्षिणी वार्ड बनाया गया तो बहुत ख़ुशी हुई। अब हमारे यहां विकास और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। जिम्मेदारों की उदासीनता से शहरी मूलभूत सुविधाओं को लेकर वार्ड जूझ रहा है। सड़क, नाला और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

- सुनील यादव।

बोले जिम्मेदार

वार्ड में विकास कार्य को लेकर हमेशा प्रयासरत रहता हूं। वार्ड में ढक्कनदार चौड़ा नाला, इंटरलॉकिंग और आरसीसी सड़क का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा विकास कार्यों से संबंधित कुछ अन्य प्रस्ताव भी दिया गया है। स्वीकृति जिम्मेदारों के मुताबिक मिल गई है। जल्द ही काम भी शुरू करा दिया जाएगा।

-सेराज अहमद, सभासद, फुलेरपुरा दक्षिणी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।