मुस्कान के गर्भवती होने की जानकारी पर भावुक हो गया साहिल
Meerut News - मेरठ में, जेल में बंद साहिल को मुस्कान के गर्भवती होने की जानकारी मिली, जिससे वह भावुक हो गया। दोनों की कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पेशी हुई। मुस्कान ने इशारों से अपनी गर्भावस्था की...

मेरठ। मुस्कान के गर्भवती होने की जानकारी पर जेल में बंद साहिल भावुक हो गया। मंगलवार दोपहर वीडियो कांफ्रेंस से दोनों की जेल से कोर्ट में पेशी कराई गई थी। इस दौरान मुस्कान ने इशारों से खुद के गर्भवती होने की जानकारी साहिल को दी। हालांकि दोनों की बातचीत नहीं हो सकी, लेकिन साहिल की आंखें भर आईं। वहीं, कोर्ट ने अब 28 अप्रैल तक न्यायिक अभिरक्षा बढ़ाई है और अगली सुनवाई भी उसी रोज होगी। बता दें कि मुस्कान ने 3 मार्च की रात अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद लाश के टुकड़े किए थे और सिर धड़ से काटकर अलग कर दिया था। इसके बाद चार मार्च की दोपहर को लाश को ड्रम में डालकर सीमेंट से जमा दिया था। इसी शाम साहिल और मुस्कान हिमाचल चले गए और 17 मार्च को वापस आए थे। 18 मार्च की सुबह हत्या का खुलासा हुआ, जिसके बाद दोनों की गिरफ्तारी की गई थी।
दोनों ने की निजी वकील की मांग
साहिल और मुस्कान ने जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा से अपने लिए निजी वकील मांगा है। दोनों ने कहा कि उन्हें सरकारी वकील पर भरोसा नहीं है। ऐसे में निजी वकील करना है। जेल प्रशासन ने इस बात के लिए अनुमति दी है और कहा है कि वह अपना निजी वकील कर सकते हैं।
वर्जन
मुस्कान की गर्भवती होने की बात साहिल को पता चली थी, जिसके बाद वह भावुक हो गया। दोनों की पेशी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मंगलवार को कराई गई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों की सुनवाई अब 28 अप्रैल को होगी। साहिल और मुस्कान ने अपना निजी वकील करने की मांग की है। नियमानुसार इन्हें निजी वकील करने का अधिकार है, इसलिए अनुमति दी गई है।
डॉ. वीरेश राज शर्मा, जेल अधीक्षक मेरठ जिला कारागार
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।