गरीबों का राशन और चीनी डकार गया कोटेदार
Mirzapur News - लालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। तहसील क्षेत्र के नदौली करौदी गांव की दर्जनों महिलाओं ने तहसील

लालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। तहसील क्षेत्र के नदौली करौदी गांव की दर्जनों महिलाओं ने तहसील परिसर में पहुंचकर कोटेदार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कोटेदार पर ई पाश मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद राशन न देने का आरोप लगाया। कहा कि राशन व चीनी दोनों कोटेदार हजम कर ले रहे है। वहीं आपूर्ति विभाग के अधिकारी शिकायत के बावजूद कोटेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे है।
नदौली करौदी की अनुसूचित जाति की महिला कोटेदार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए महिलाओं ने कहाकि कोटेदार हम अनुसूचित जाति गरीब महिलाओं का अंत्योदय, पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों का ई-पाश मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद यह कह दिया जाता है कि सर्वर डाउन है। जिसके चलते खाद्यान्न दिया जाना संभव नहीं है। गरीब महिलाओं ने आरोप लगाया गया कि चीनी कभी दिया ही नहीं जाता है। होली और दीवाली पर शासन से तीन रुपए किलो चीनी वितरण करने का आदेश दिया गया है। इसके बावजूद नहीं दिया जाता है। हम गरीब महिलाओं की आवाज को दबा दिया जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि पूर्व में भी हम लोग तहसील परिसर में पहुंचकर पूर्ति निरीक्षक से लिखित शिकायत की थी। इसके बावजूद कोटेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे हम ग्रामीण गरीब महिलाओं को पुन: तहसील परिसर में पहुंच कर कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इस अवसर पर शंभू, राजेश कुमार,राजन ,लालती, निर्मला देवी, फूलपत्ति, संतोष देवी, बिटनी, दुर्गावती, सोनिया, केवली ,मंजू देवी ,मीरा देवी आदि दर्जनों महिलाएं मौजूद रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।