Pakistani citizens on long term visa will have to return within 48 hours मुश्किल से मिला था भारत का वीजा, अब 48 घंटे में लौटना होगा पाकिस्तान, सरकार ने दिया अल्टीमेटम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Pakistani citizens on long term visa will have to return within 48 hours

मुश्किल से मिला था भारत का वीजा, अब 48 घंटे में लौटना होगा पाकिस्तान, सरकार ने दिया अल्टीमेटम

पहलगाम आतंकी हमले से देशभर के लोगों में आक्रोश है। भारत सरकार के फैसले के बाद 48 घंटे में सभी पाकिस्तानी नागरिकों को लौटना है। इसी के तहत आगरा से पाकिस्तानी नागरिकों को बड़ी मुश्किल से वीजा मिला था लेकिन अब उन्हें देश छोड़कर वापस जाना होगा।

Pawan Kumar Sharma प्रमुख संवाददाता, आगराThu, 24 April 2025 09:42 PM
share Share
Follow Us on
मुश्किल से मिला था भारत का वीजा, अब 48 घंटे में लौटना होगा पाकिस्तान, सरकार ने दिया अल्टीमेटम

पहलगाम (श्रीनगर) में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से देशभर के लोगों में आक्रोश है। भारत सरकार के फैसले के बाद 48 घंटे में सभी पाकिस्तानी नागरिकों को लौटना है। इसी के तहत आगरा से पाकिस्तानी दंपति को गुरुवार को अटारी बॉर्डर (पंजाब) भेजा गया। एक महीने के वीजा पर दस हिंदू (पाकिस्तान नागरिक) भी आगरा आए हुए हैं। उन्हें भी सूचित किया गया। लॉन्ग टर्म वीजा पर रहे 43 पाकिस्तानियों से भी सामान बांधने को कह दिया गया है। उनके संबंध में विस्तृत आदेश का इंतजार किया जा रहा है।

करीब 11 बजे का समय था। कराची (पाकिस्तान) के रहने वाले मकसूद अली उर्फ फैजान हरीपर्वत स्थित एलआईयू ऑफिस आए थे। ताजगंज इलाके में उनकी ससुराल है। साल 1983 में उनका निकाह आगरा की वरदा से हुआ था। कई साल से वह ससुराल आने की सोच रहे थे। बड़ी मुश्किल से वीजा मिला था। वह पांच दिन पहले अपनी ससुराल आए थे। यहां उनके कई रिश्तेदार रहते हैं। उनके आने पर रिश्तेदारों की खुशी का ठिकाना नहीं था। पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार के कड़े फैसले की जानकारी से उनके होश उड़ गए। वह खुद ही एलआईयू ऑफिस आए थे। जानकारी दी कि वापस जाना चाहते हैं। जो भी प्रक्रिया है पूरी करा ली जाए।

उन्होंने बताया कि वे पंजाब से ट्रेन से आगरा तक आए थे। इससे पहले भी कई साल पहले आए थे। वह सहमे हुए थे, ज्यादा बोल नहीं पा रहे थे। पुलिस ने उनसे कहा था कि अपनी पहचान किसी को नहीं बताएं। घटना से जनता में आक्रोश है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि शार्ट टर्म वीजा पर पाकिस्तान से आए दंपति को गुरुवार की शाम वापस भिजवा दिया गया। पति-पत्नी ताजगंज की मल्को गली में आए थे। सूचित करने से पहले वे खुद ही लौटने को तैयार हो गए थे। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने के संबंध में विस्तृत आदेश का इंतजार किया जा रहा है। दो पाकिस्तानी नागरिक वापस भेज दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें:पहलगाम हमले के बाद एक्शन में सरकार, पाकिस्तानी नागरिकों की रवानगी शुरू
ये भी पढ़ें:वाराणसी में रह रहे 10 पाकिस्तानी नागरिक, पहलगाम हमले के बाद खुफिया विभाग अलर्ट

उधर, दयालबाग इलाके में आए दस हिंदुओं (पाकिस्तानी नागरिकों) को लौटने के लिए कह दिया गया है। लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के ठिकानों पर भी दस्तक दी गई है। आदेश आते ही जल्द उन्हें भी लौटना होगा। जो पाकिस्तानी मेडिकल वीजा पर आए हैं उन्हें भी वापस जाना है। उन्हें 29 अप्रैल तक की मोहलत दी गई है। भारत सरकार के सख्त आदेश से लॉन्ग टर्म वीजा पर रहे पाकिस्तानी ज्यादा परेशान हैं। कुछ तो ऐसे हैं जिनकी जिंदगी आगरा में निकल गई है। अपना काम धंधा करते हैं।