प्रलेस के स्थापना दिवस पर हुए दो अलग-अलग कार्यक्रम
Prayagraj News - प्रगतिशील लेखक संघ के 90वें स्थापना दिवस पर प्रयागराज में दो अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक कार्यक्रम में काव्य पाठ और चर्चा हुई, जबकि दूसरे में विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। दोनों गुटों ने अपने को...

प्रयागराज, संवाददाता। प्रगतिशील लेखक संघ के 90वें स्थापना दिवस के अवसर पर संघ की इलाहाबाद इकाई की ओर से दो अलग-अलग आयोजन हुए। इकाई के एक गुट के अध्यक्ष मंडल के सदस्य संजय पांडेय के तेलियरगंज स्थित आवास पर एकल काव्य पाठ व चर्चा का आयोजन किया तो दूसरे गुट ने अशोक नगर स्थित बृज हरि अपार्टमेंट ने नब्बे बरस की यात्रा और आगामी विचार विषयक एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया। दोनों गुटों ने अपने को असली इलाहाबाद इकाई होने का दावा भी किया है।
अपार्टमेंट के आयोजन में संघ के प्रांतीय महासचिव संजय श्रीवास्तव ने मुख्य वक्तव्य देते हुए कहा कि प्रलेस लगातार चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ा है। आज हमारी रणनीति कितनी राजनीतिक है, इस पर विचार करना होगा। इलाहाबाद इकाई के अध्यक्ष सुरेंद्र राही ने कहा कि संघ के अब तक के इतिहास में प्रगतिशील मूल्य शाश्वत तत्व बने रहे और इनसे कभी समझौता नहीं किया गया। गोष्ठी में प्रो. अनीता गोपश, जन संस्कृति मंच के प्रो. प्रणय कृष्ण, वरिष्ठ कवि हरीशचंद्र पांडेय, सुधांशु मालवीय व कामरेड गायत्री गांगुली ने भी अपनी बातें रखीं।
वहीं संजय पांडेय के आवास पर दूसरे गुट के आयोजन में वरिष्ठ गजलकार व कवि अशरफ अली बेग ने अपनी अनेक रंग की कविताओं का पाठ किया। प्रलेस इलाहाबाद के संरक्षक अरविंद गुप्त ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में बाजारवाद के दुष्प्रभाव को कवि अशरफ अली बेग की कविताओं में लक्षित किया। अध्यक्ष मंडल के सदस्य असरार गांधी ने कहा कि साझा संस्कृति की अभिव्यक्ति बेग की कविताओं का मूल भाव है। संचालन संघ की सचिव आरती चिराग ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।