महानगर में पांच हजार बंदर पकड़ने को खर्च होंगे 42 लाख रुपये
Saharanpur News - सहारनपुर में बंदरों के आतंक से मुक्ति पाने की उम्मीद जगी है। नगर निगम ने बंदरों को पकड़ने के लिए प्रति बंदर 840 रुपये के भुगतान पर टेंडर जारी किया है। शहर में चार से पांच हजार बंदर हैं, जो लोगों के...

सहारनपुर। महानगर में बंदरों के आतंक से मुक्ति मिलने की उम्मीद जगी है। बंदरों को पकड़ने के लिए टेंडर जारी हो गया है। बंदरों को पकड़ने के लिए नगर निगम प्रति बंदर 840 रुपये का भुगतान करेगा। दरअसल महानगर में करीब चार से पांच हजार बंदर घूम रहे हैं जो लोगों के लिए बड़ा सिरदर्द बने हुए हैं। महानगर में बंदरों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पुराने शहर के इलाके बंदरों की सबसे ज्यादा चपेट में हैं। लोग रोजाना इनके उत्पात से परेशान हैं। कई लोग अपने घरों और दुकानों की सुरक्षा के लिए जाल लगाकर सामान की रक्षा कर रहे हैं। गिलकॉलोनी में बंदरों के डर से एक युवती छत से कूद गई थी, जिससे वह घायल हो गई। इस घटना ने बंदरों के आतंक की गंभीरता को उजागर किया था। इस घटना के बाद नगर निगम पर बंदरों को पकड़ने का काफी दबाव पड़ा था। लेकिन वन विभाग की अनुमति नहीं मिलने के चलते मामला लगातार टल रहा था। वन विभाग की अनुमति के बाद टेंडर किया गया। सहारपुर की ही एक कंपनी को टेंडर दिया गया है जिसके लिए नगर निगम प्रति बंदर 840 रुपये का भुगतान करेगा। नगर निगम का कहना है कि विशेष पिंजरे और तरीकों से बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाएगा। कुछ ही महीनों में इनकी संख्या में बड़ी गिरावट आने का अनुमान है। उम्मीद है कि इस कार्रवाई से महानगरवासियों को लंबे समय से चली आ रही इस परेशानी से राहत मिलेगी।
इन क्षेत्रों में बंदरों का आतंक
रामानंदी बाजार, हलवाई अटटा, लोहा बाजार, दीनानाथ बाजार, सर्राफा बाजार, चौंताला, कायस्थान मोहल्ला, बड़तला यादगार, जोड़कुंआ, मिश्रमुरार, गिलकॉलानी, मिशन कंपाउंड आदि इलाकों में बंदरों का आतंक बना हुआ है।
वर्जन......
सहारनपुर की ही एक कंपनी पुर्नजन्म सोसाइटी को टेंडर हुआ है। नगर निगम द्वारा प्रति बंदर 840 रुपये का भुगतान किया जाएगा। बंदर पकड़ने के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की भी व्यवस्था की जाएगी।
डॉ संदीप मिश्रा, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।