कृषि में नवाचार अपनाकर कम लागत में पाएं अधिक लाभ : डॉ. लूथरा
Sambhal News - विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान, वैज्ञानिकों और कृषि विभाग ने किसानों को सरकारी योजनाओं और नवीन तकनीकों की जानकारी दी। आलू की उन्नत खेती, प्राकृतिक कीटनाशक बनाने के उपाय, और पारंपरिक खेती से नई...

विकसित कृषि संकल्प अभियान के दूसरे दिन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों और कृषि विभाग की टीम ने जिले के गांव गणेशपुर, रमपुरा, जालब सराय, रतनपुर, कमालपुर, महमूदपुर कुंज, आलमपुर कुदैया, चाटन और खग्गूपुरा का दौरा किया। इस दौरान किसानों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें कृषि में नवीन तकनीकों और नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। केन्द्रीय आलू अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम (मेरठ) से आए प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एसके लूथरा और तकनीकी अधिकारी उदयवीर सिंह ने आलू की उन्नत खेती पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम लागत वाली आधुनिक कृषि विधियां अपनाकर किसान अपनी आय में कई गुना वृद्धि कर सकते हैं।
कृषि विज्ञान केन्द्र प्रभारी डॉ. महावीर सिंह ने गन्ने की फसल में लगने वाले रोगों और कीटों से बचाव के उपाय बताए और प्राकृतिक खेती के महत्व को समझाया। उन्होंने “ब्रह्मास्त्र जैव कीटनाशक” बनाने का फार्मूला भी बताया, जिसमें देसी गाय का मूत्र, नीम, करंज, धतूरा, सीताफल की पत्तियां, लहसुन और हरी मिर्च को मिलाकर उपयोगी घोल तैयार किया जा सकता है। डॉ. अरविन्द कुमार ने पारंपरिक खेती छोड़कर नई तकनीकें अपनाने, समय और संसाधनों की बचत तथा उत्पादन वृद्धि पर जोर दिया। डॉ. पंकज ने खेती के साथ पशुपालन को आय का स्थायी स्रोत बताते हुए टीकाकरण की अनिवार्यता पर बल दिया। डॉ. ज्योति स्वरूप ने फल, फूल और सब्जियों की खेती को लाभकारी बताते हुए कहा कि यदि किसान बाजार की मांग के अनुसार समय से पहले बुवाई करें, तो उन्हें बेहतर दाम मिल सकते हैं। कार्यक्रम में साहब सिंह, महीपाल, बिलाल अहमद, संजीव कुमार, भुवनेश कुमार, राजपाल सिंह, ओमप्रकाश, नरेन्द्र सिंह, राजवीर सिंह, सुन्दर सिंह, अंकुर देओल, तौफीक अहमद, गंगासरन, नन्हू सिंह आदि प्रगतिशील किसानों ने सरकार की योजनाओं के लाभ साझा किए और वैज्ञानिकों के सुझावों को अपनाने का आह्वान किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।