निरीक्षण कर उपलब्ध कराएं बाढ़ बचाव की विस्तृत कार्य योजना
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को बाढ़ बचाव के लिए बंधों का निरीक्षण करने और 15 मई तक कार्य योजना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को संक्रामक बीमारियों की...

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि बाढ़ बचाव से सम्बंधित सभी अधिकारी बंधों का निरीक्षण कर लें। 15 मई तक विस्तृत कार्य योजना उपलब्ध कराएं। बाढ़ स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में बंधो, बाढ़ चौकियों, आश्रय स्थलों, बाढ़ के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों आदि के बारे में सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्भावित बाढ़ के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किये जाने वाले कार्यों, उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं से सम्बंधित कार्य योजना प्रत्येक दशा में आगामी 15 मई तक अधिशाषी अभियन्ता ड्रेनेज खण्ड-2 को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि इससे पहले सभी सम्बंधित विभागीय अधिकारी 10 मई 2025 तक अपने विभागीय कार्यो एवं जिम्मेदारी के अनुसार बाढ़ क्षेत्र बंधों आदि का स्थलीय निरीक्षण करने के उपरान्त ही आवश्यकतानुसार कार्य योजना बनाकर उपलब्ध कराएं।
बैठक के दौरान बाढ़ अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी ड्रेनेज खण्ड ने सम्भावित बाढ़ से बचाव के दृष्टिगत अब तक की तैयारियों के बारे में अवगत कराया। जिलाधिकारी ने बंधों की मरम्मत आदि को गुणवत्ता सहित अबिलम्ब पूर्ण कर लिये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के तीनों तहसीलों के उप जिलाधिकारी को अपने-अपने तहसीलों में बाढ़ से बचाव के दृष्टिगत किये जा रहें प्रबन्धों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ सम्भावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से किसी भी सम्भावित समस्या के बारे में पहले से ही जानकारी प्राप्त कर इसका निस्तारण सुनिश्चित करा लिया जाए। सभी हैंण्डपंप चालू कर स्वच्छ जल उपलब्ध कराएं जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत हैण्ड पम्पों को क्रियाशील रखते हुए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने बाढ़ के दौरान किसी भी संक्रामक बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक और जीवन रक्षक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के सम्बंधित अधिकारी को दिये। राहत कैम्पों की तैयारी पहले से करें जिलाधिकारी ने धनघटा एवं मेंहदावल तहसील में बाढ़ से प्रभावित हो सकने वाले ग्रामीणों एवं उनके पशुओं को बाढ़ के दौरान व्यवस्थित किये जाने हेतु राहत कैम्पों की स्थापना एवं संचालन के लिए सम्बंधित अधिकारियों को तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चूंकि बाढ़ एक आकस्मिक आपदा है इसलिए इसके दुष्प्रभाव से बचने हेतु पहले से ही सभी बिन्दुओं पर सतर्क दृष्टि बनाये रखी जाए। उन्होंने राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा की व्यवस्था, क्लोरीन की गोली की उपलब्धता आदि से सम्बंधित बिन्दुओं पर सम्बंधित अधिकारी को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने बाढ़ की सम्भावना से प्रभावित पशुओं हेतु कैम्प की व्यवस्था के साथ उसका उचित देख-रेख, पशुओं के भूसा चारे की व्यवस्था आदि से सम्बंधित बिन्दुओं पर जानकारी प्राप्त करते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने शहर, नगर पालिका क्षेत्र में बरसात के मौसम में सम्भावित जल जमाव से निपटने के लिए पहले से ही जल निकासी की व्यवस्था एवं नालों की साफ-सफाई दुरूस्त करने के निर्देश सम्बंधित अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, नगर पंचायत को दिये गये।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।