शादी वाले दिन प्रेमी संग दुल्हन फरार, ससुराल भेजी मौत की खबर, सुनकर दूल्हा और उसकी मां बीमार
मेरठ में बारात आने से ऐन पहले ब्यूटी पार्लर से दुल्हन प्रेमी के साथ फरार हो गई। दुल्हन के घर वालों ने सही बात की जगह दुल्हन की मौत की खबर दूल्हे के घर पहुंचाई। यह सुनकर दूल्हा और उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल ले जाना पड़ा।

मेरठ में दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपनी शादी के दिन ब्यूटी पार्लर में तैयार होने आई और साथ आई युवती को झांसा देकर प्रेमी संग फरार हो गई। युवती के फरार होने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सभी संभावित स्थानों पर उसे तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं लगा। युवती के घरवालों ने दूल्हा पक्ष को दुल्हन के कार हादसे में मौत की सूचना दे दी और यह सुनते ही दूल्हा और उसकी मां की हालत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दौराला क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने बेटी का रिश्ता रोहटा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से किया था। सोमवार शाम युवती की बारात आनी थी। सुबह से ही परिवार के लोग तैयारी में जुटे थे। शादी का मंडप सजा था और हलवाई खाना तैयार कर चुका था। परिवार बारात के स्वागत की तैयारी में जुटा था। वहीं दूसरी ओर, दूल्हा पक्ष घुड़चढ़ी कर बारात लेकर चलने की तैयारी कर रहा था। बारात आने से पहले दुल्हन एक युवती के साथ दौराला स्थित ब्यूटी पार्लर में तैयार होने के लिए आई। पार्लर से वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। परिजनों ने सभी संभावित स्थानों पर दुल्हन को तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं लगा। बाद में परिजनों ने थाने में तहरीर दी।
दूल्हा पक्ष को दी दुल्हन की कार हादसे में मौत की सूचना
उधर, दुल्हन के परिजनों ने दूल्हा पक्ष को दुल्हन के ब्यूटी पार्लर जाने के दौरान कार हादसे में मौत होने की सूचना दी। यह सुनकर दूल्हे और उसकी मां की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने मां-बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया। दूल्हा पक्ष के कुछ लोग दुल्हन की मौत की जानकारी मिलने पर दुल्हन पक्ष के घर पहुंचे और यहां पूरी घटना का पता लगा। थाने पहुंचे दुल्हन के पिता ने पुलिस को एक रिश्तेदार युवक और उसके मामा के खिलाफ बेटी को बहलाफुसला कर ले जाने की तहरीर दी। पुलिस दुल्हन की तलाश में जुटी है।