परिवार नियोजन के लिए ‘पीपी आईयूसीडी पर महिलाओं ने जताया भरोसा
Sitapur News - सीतापुर में महिलाओं का परिवार नियोजन के प्रति रूझान बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्थायी साधनों में पीपीआईयूसीडी पर विशेष भरोसा किया जा रहा है। यह प्रसव के 48 घंटे के भीतर लगाया जाता है और...

सीतापुर। परिवार नियोजन के प्रति महिलाओं का रूझान लगातार बढ़ रहा है। बीते तीन सालों के आंकड़े इसकी पुष्टि भी करते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस उपलब्धि का श्रेय परिवार नियोजन के अस्थायी और स्थायी साधनों की आमजन तक आसान हुई पहुंच को मानते हैं। परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों में पीपीआईयूसीडी (पोस्ट पार्टम इंट्रा यूटेराइन कंट्रासेप्टिव डिवाइस) पर महिलाएं विशेष भरोसा जता रही हैं। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि दो बच्चों के जन्म के बीच अंतर रखने के लिए पीपीआईयूसीडी महिलाओं के लिए काफी सुरक्षित मानी जाती है। इसे प्रसव के 48 घंटे के अंदर लगाया जाता है।
वहीं जरूरत होने पर इसको आसानी से निकलवाया भी जा सकता है। अनचाहे गर्भ से लंबे समय तक मुक्ति चाहने वाली महिलाएं इसे बेहद पसंद करती हैं। परिवार कल्याण कार्यक्रम के प्रबंधक जावेद खान बताते हैं कि लक्षित दंपति को परिवार नियोजन की जानकारी देने और उसके साधनों के बारे में जागरूक करने के लिए हर माह की 21 तारीख को स्वास्थ्य केन्द्रों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा प्रत्येक गुरुवार को अंतराल दिवस का भी आयोजन किया जाता है। इन मौकों पर पर लाभार्थियों की शादी के दो साल बाद ही गर्भधारण की योजना बनाने के बारे में काउंसलिंग की जाती है, और बास्केट ऑफ च्वाइस की जानकारी देते हुए परिवार नियोजन के आधुनिक साधनों के बारे में बताया जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।