नोडल अधिकारी ने टापू में लगाया जन चौपाल
Sonbhadra News - सोनभद्र के चोपन ब्लाक के टापू में नोडल अधिकारी जय शंकर दुबे ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने गो संरक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया और पशुओं को उचित आहार देने के...
सोनभद्र, संवाददाता। शासन से नामित नोडल अधिकारी विशेष सचिव वित्त उत्तर प्रदेश लखनऊ जय शंकर दुबे ने शनिवार को जिले के चोपन ब्लाक के टापू में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या से रूबरू हुए। उन्होंने पेयजल व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों से जानकारी ली। पेयजल परियोजनाओं और गोवंश संरक्षण केन्द्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पात्रों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाए जाने का निर्देश संबंधितों को दिया। नोडल अधिकारी जयशंकर दुबे ने शनिवार को वृहद गो संरक्षण केन्द्र चोपन का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि गोशाला में छोटे पशु व बड़े पशुओं को रखने के लिए बाड़े बनाये जाए।
उन्होंने गो आश्रय स्थल मेंं पशुओं को दिये जाने वाले भूसा, हरा चारा, पशु आहार की उपलब्धता और देने का समय आदि के सम्बन्ध में जानकारी ली। पशुओं को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा व पशु आहार दिया जाए और नियमित रूप से टीकाकरण किया जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने आश्रय स्थल में स्थित भूसा संग्रहण स्थल, साइलेज की उपलब्धता, बीमार एवं दुर्बल गौवंश के लिए बनाए गए शेड तथा तालाब सहित सम्पूर्ण परिसर का पैदल भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने चोपन ब्लाक के ग्राम पंचायत टापू में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से हर घर नल से पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा बताया कि हर घर नल योजना से निर्धारित समय पर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान ग्राम समूह की महिलाओं के द्वारा पानी की गुणवत्ता की जॉच नोडल अधिकारी व जिलाधिकारी के समक्ष की गयी। अधिशासी अभियन्ता जल निगम ने बताया कि ग्राम सभा में 293 घरों में हर घर नल योजना से पानी की आपूर्ति की जा रही है। नोडल अधिकारी ने हर घर नल योजना के अन्तर्गत जिन घरों में पानी सप्लाई के कनेक्शन दिये गये थे, स्वयं मौके पर जाकर पानी सप्लाई की स्थिति का जायजा लिया और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर पानी सप्लाई के समय के सम्बन्ध में भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों का समयबद्ध केवाईसी कराते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। इसके बाद नोडल अधिकारी ने नमामि गंगे तथा ग्रामीण जल आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित पटवध ग्राम समूह पेयजल योजना का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियन्ता जल निगम ने बताया गया कि 777.41 करोड़ लागत की यह परियोजना है, जिससे 663 ग्रामों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जानी है। कुछ ग्रामों के घरों में पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इस दौरान नोडल अधिकारी ने जैकवैल/ इन्टेकबेल का निरीक्षण भी किया और पानी की शुद्धता व उपलब्धता आदि के सम्बन्ध में अधिशासी अभियन्ता से जानकारी प्राप्त की। निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों को शासन की मंशा के अनुरूप शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इस मौके पर डीएम बीएन सिंह, डीडीओ हेमन्त कुमार सिंह, एडीएम नमामि गंगे रोहित यादव आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।