UP High Alert Agra Security Increased including Airforce Campus Police Advisory appeal for locals हाई अलर्ट! आगरा में एयरफोर्स परिसर सहित एक दर्जन स्थानों पर बढ़ी सुरक्षा, पुलिस की जनता से अपील, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUP NewsUP High Alert Agra Security Increased including Airforce Campus Police Advisory appeal for locals

हाई अलर्ट! आगरा में एयरफोर्स परिसर सहित एक दर्जन स्थानों पर बढ़ी सुरक्षा, पुलिस की जनता से अपील

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद ताजनगरी में एयरफोर्स परिसर सहित एक दर्जन स्थानों के आस-पास पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तनाव के चलते स्पीलर सेल एक्टिव हो सकते हैं।

Srishti Kunj प्रमुख संवाददाता, आगराSat, 10 May 2025 07:35 AM
share Share
Follow Us on
हाई अलर्ट! आगरा में एयरफोर्स परिसर सहित एक दर्जन स्थानों पर बढ़ी सुरक्षा, पुलिस की जनता से अपील

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद ताजनगरी में एयरफोर्स परिसर सहित एक दर्जन स्थानों के आस-पास पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तनाव के चलते स्पीलर सेल एक्टिव हो सकते हैं। उनका पता लगाने के लिए खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। शुक्रवार को शाहगंज क्षेत्र में पथौली के पास एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। आर्मी इंटेलीजेंस ने पूछताछ के बाद संदिग्ध को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस के आला अधिकारी लगातार सैन्य अधिकारियों के संपर्क में हैं। आगरा में खेरिया हवाई अड्डे सहित सेना के कई महत्वपूर्ण स्थान हैं। सभी जगह रातों-रात चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने गुरुवार की रात एक बजे अधीनस्थों की एक बैठक बुलाई थी। इसमें पुलिस को निर्देश दिए गए कि सैन्य क्षेत्र के आस-पास बैरियर लगाकर चेकिंग की जाए।

एयरफोर्स परिसर के आस-पास रूफ टॉप ड्यूटियां लगाई जाएं। वहां छतों पर लोगों के जाने पर अस्थाई रूप से रोक लगाई गई है। कई घरों की छतों से हवाई पट्टी नजर आती है। हवाई पट्टी पर कौन सा जहाज है यह कोई न देखे। आसपास के लोगों से पुलिस बातचीत कर रही है। उनको बता रही है कि सेना के किसी भी मूवमेंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करना है।

ये भी पढ़ें:भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच यूपी में पुलिस की छुट्टियां रद्द, वापस बुलाए गए

शुक्रवार की सुबह आर्मी इंटेलीजेंस की सूचना पर एयरफोर्स के जवानों ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पथौली के पास वह एक चाय के खोखे पर मौजूद था। उसकी दाढ़ी और बाल बढ़े हुए थे। हाथ में कागज थे। उन पर कुछ चित्र बना रखे थे। एयरफोर्स के जवान पूछताछ के लिए उसे ले गए। कई घंटे की पूछताछ के बाद उसे शाहगंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। आईबी, एलआईयू, मिलेट्री इंटेलीजेंस ने भी संदिग्ध से पूछताछ की। आरोपित अपना नाम लक्ष्यजीत महंतो बता रहा है। ओडिशा का निवासी है। इंटेलीजेंस उसकी बातों की पुष्टि कर रही है।

इन स्थानों पर किए सख्त सुरक्षा इंतजाम

शाहगंज क्षेत्र में एयरफोर्स परिसर है। उसके बाहर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। मलपुरा में ड्रोपिंग जोन है। वहां सुरक्षा बढ़ाई गई है। सदर इलाके में सीओडी, 509, एडीआरडीई के कार्यालय और कैंपस हैं। सभी के आस-पास पुलिस चौकसी बढ़ाई गई है। इसके अलावा पुलिस को रेलवे लाइन, रेलवे पुल, वाटर वर्क्स और पॉवर ग्रिड के आस-पास भी सक्रिय रहने को कहा गया है।

पुलिस की जनता से अपील

- आपके आस-पास कोई संदिग्ध नजर आए तो तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें।

- किसी मकान या धर्मस्थल में कोई हाल ही में नया शख्स रहने आया है तो उसके बारे में सूचना दें।

- कहीं भी किसी भी लावारिस वस्तु को हाथ नहीं लगाएं।

- सेना के मूवमेंट से जुड़े किसी भी वीडियो या फोटो को सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करें।

- किसी भी अनजान लिंक को मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर पर ओपन नहीं करें। यह साइबर अटैक हो सकता है।

- युद्ध के लिए सरकार द्वारा कोई फंड नहीं मांगा गया है। ऐसे मैसेज देखकर रकम ट्रांसफर नहीं करें।

- जहाज, फौजी आदि की फोटो अनजान नंबर या लिंक से भेजी जाएं तो उन्हें ओपन नहीं करें।

- सैन्य क्षेत्र के आसपास कोई वीडियो बनाता नजर आए तो पुलिस को जानकारी दें।

- ड्रोन पर फिलहाल प्रतिबंध हैं। ड्रोन नहीं उड़ाएं। कहीं दिखे तो तत्काल 112 पर सूचित करें।