मियां-बीवी का झगड़ा सुलझाने लगी पंचायत में हो गई जंग, लड़ाई में 5 घायल, 4 हिरासत में
यूपी के मेरठ में एक अजब मामला देखने को मिला। पति-पत्नी के बीच झगड़ा सुलझाने बैठी पंचायत में जमकर लात-घूंसे चले। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी भी हुई। इस घटना में 5 घायल हो गए। मामले में पुलिस को बीच में आना पड़ा तब जाकर सब शांत हुआ।

यूपी के मेरठ में एक अजब मामला देखने को मिला। पति-पत्नी के बीच झगड़ा सुलझाने बैठी पंचायत में जमकर लात-घूंसे चले। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी भी हुई। इस घटना में 5 घायल हो गए। मामले में पुलिस को बीच में आना पड़ा तब जाकर सब शांत हुआ। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव को खत्म कराने के लिए बुलाई पंचायत में मंगलवार को मारपीट व पथराव हो गया। पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
मेरठ में लोहियानगर के पीपलीखेड़ा गांव में घटना हुई। जानकारी के अनुसार पांच साल पहले आबिद की शादी उजमा से हुई थी। अचानक पति-पत्नी में छोटी-छोटी बात को लेकर मनमुटाव रहने लगा। दो दिन पहले मामला ज्यादा बढ़ गया, जिस कारण उजमा, आबिद से विवाद के बाद मायके आ गई। मंगलवार को उजमा के परिजन बेटी को लेकर ससुराल आ गए। कुछ लोगों ने मध्यस्थता करते हुए पंचायत बुला ली। यहां आबिद पक्ष भी मौजूद रहा। दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश शुरू हुई।
भरी पंचायत में दोनों पक्षों के बीच किसी बात पर नोकझोंक हुई और ये नोकझोंक मारपीट में बदल गई। मारपीट में जमकर लात-घूंसे चले और पत्थर भी बरसाए गए। पथराव के बाच विवाद की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाया। विवाद में दोनों पक्षों के मिलाकर लगभग 5 लोग घायल हो गए। एक पक्ष से आबिद, नसीम, रोइन चोटिल हुए हैं। तो दूसरे पक्ष से साजिद व खालिद को चोट आई।
पुलिस ने मौके से 4 लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। अपराध निरीक्षक नेत्रपाल सिंह ने इस बारे में कहा कि मामला शांत करवाकर दोनों पक्ष के लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में जांच जारी है