जय हिंद यात्रा: रैली में भीड़ जुटाने के लिए पदाधिकारियों को बांटी जिम्मेदारी
हल्द्वानी में कांग्रेस पार्टी ने 1 जून को 'जय हिन्द यात्रा' आयोजित करने की तैयारी तेज कर दी है। रैली में 10,000 लोगों के आने का लक्ष्य है। कांग्रेस नेताओं ने सुनिश्चित किया कि कार्यकर्ताओं और पूर्व...

हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। हल्द्वानी में एक जून को प्रस्तावित कांग्रेस की जय हिन्द यात्रा को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारी तेज कर दी हैं। रैली को सफल बनाने के लिए शनिवार को स्वराज आश्रम में कुमाऊं मंडल के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान कहा गया कि रैली में आने वाले कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक और आम लोगों के आने-जाने की व्यवस्था भी पदाधिकारी करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में कपकोट के पूर्व विधायक एवं पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने कहा यह रैली हम सब को मिलकर सफल बनानी है। जो पूर्व की रैली में कमियां रह गईं, उनको दूर किया जाएगा।
कहा कि हल्द्वानी में आयोजित होने वाली रैली में जो पदाधिकारी जितने भी कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिक एवं उनके परिवार के लोगों को लेकर पहुंचेंगे, उनको घर तक छोड़ने की व्यवस्था भी करेंगे। उन्होंने कहा कि पहाड़ के जिलों के लोग कैंची धाम में लगने वाले जाम की वजह से पहले दिन शहर में आएंगे। पदाधिकारियों को उनके शहर में रहने के लिए पहले से व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह यात्रा भाजपा की जुमलेबाज सरकार को बेनकाब करने और ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की सफलता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कहा कि जनता को यह जानने का हक है कि जीती हुई जंग में सेना को क्यों वापस बुलाया गया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सलाहकार गुरुदीप सिंह सप्पल, विधायक सुमित हृदयेश, मनोज तिवारी, प्रकाश जोशी, जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट आदि मौजूद रहे। इनसेट 10 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि कुमाऊं के जिलों से रैली में 10 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का कार्यक्रम फाइनल होने पर रैली एमबी इंटर कॉलेज मैदान में कराने एवं उनके नहीं आने पर रामलीला मैदान में रैली कराने पर विचार किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।