महिला से दुष्कर्म का आरोपी होमगार्ड गिरफ्तार
रुद्रपुर में एक होमगार्ड को महिला से दुष्कर्म और अनैतिक देह व्यापार कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। महिला ने 15 अप्रैल को पुलिस को तहरीर दी थी कि होमगार्ड ने उसे फंसाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए...

रुद्रपुर, संवाददाता। महिला से दुष्कर्म और अनैतिक देह व्यापार कराने के आरोपी होमगार्ड को पुलिस ने मंगलवार शाम पहाड़गंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 15 अप्रैल को एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वर्ष 2023 में वह अमरोहा स्थित ससुराल से ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आई थी। पति द्वारा मारपीट करने के मामले में वह कई बार ट्रांजिट कैंप थाने में गई थी। इस दौरान उसकी मुलाकात थाना ट्रांजिट कैंप में तैनात होमगार्ड फाजलपुर महरौला निवासी ओमप्रकाश यादव पुत्र लल्लन यादव से हुई। आरोप था कि होमगार्ड ने उसे अपनी बातों में फंसा लिया और उसे अपनी पत्नी बताकर क्षेत्र में एक किराये पर कमरा दिलाया था। आरोप था कि इसके बाद होमगार्ड ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और उसे अनैतिक देह व्यापार करने पर भी मजबूर किया। कुछ माह पूर्व परेशान होकर उसने कमरा बदल दिया। आरोप था कि 8 अप्रैल को होमगार्ड ने उसका पता लिया और उससे कमरे में आकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर मारपीट भी की। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसएसआई ललित मोहन रावल ने बताया कि बुधवार शाम को आरोपी को पहाड़गंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। वर्तमान में आरोपी पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में तैनात था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।