Shani Jayanti Today: शनि जयंती आज, जानें शनि पूजन मुहूर्त, विधि, मंत्र, भोग, उपाय व दान लिस्ट
Shani Jayanti 2025: शनि जयंती के दिन शनिदेव की विधिवत पूजा करनी चाहिए और कुछ चीजों का दान जरूर करना चाहिए। शनि जयंती का दिन शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए उत्तम माना गया है। जानें शनि पूजा विधि, मंत्र, भोग, दान लिस्ट व उपाय-

Shani Jayanti 2025 Puja Muhurat: सनातन धर्म में शनि जयंती का विशेष महत्व है। शनि जयंती का पर्व हर साल ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस साल शनि जयंती 27 मई, मंगलवार को है। शनि जयंती पर ग्रहों के राजा सूर्य व देवी छाया के पुत्र शनिदेव का जन्मदिवस मनाया जाता है। यह दिन शनि की साढ़ेसाती व ढैय्या से पीड़ित जातकों के लिए खास माना गया है। मान्यता है कि इस दिन शनिदेव की विधिवत पूजा करने से शनि दोष से मुक्ति मिलती है और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं। जानें शनि जयंती पर शनि पूजन मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र, भोग व प्रसन्न करने के उपाय-
शनि जयंती पर शनिदेव की कैसे करें पूजा: शनि जयंती के दिन सूर्योदय से पूर्व उठकर स्नान आदि करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। व्रत का संकल्प लें। इसके बाद शनि मंदिर जातक शनि देव के पैरों के दर्शन करते हुए सरसों का तेल अर्पित करें। शनि देव को काला तिल व नीले रंग का पुष्प अर्पित करें। शनि देव की आरती उतारें। शनि मंत्रों का जाप करें।
शनि जयंती पूजा मुहूर्त 2025: शनि जयंती पर पूजन का अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 51 मिनट से दोपहर 12 बजकर 46 मिनट तक रहेगा। पूजन का विजय मुहूर्त दोपहर 02:36 बजे से दोपहर 03:31 बजे तक रहेगा। अमृत काल दोपहर 12 बजे से पूरे दिन रहेगा।
शनि जयंती शनि मंत्रों का करें जाप: शनि जयंती पर ऊँ प्रां प्रीं प्रौं सः शनये नमः और ऊँ भगभवाय विद्महैं मृत्युरुपाय धीमहि तन्नो शनिः प्रचोद्यात् मंत्र का जाप करने से शनिदेव प्रसन्न होते हैं।
शनि जयंती पर शनिदेव को क्या भोग लगाएं: शनि जयंती पर शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए गुड़-चना, काली दाल की खिचड़ी, मालपुए व तेल में बने पकवान आदि का भोग लगा सकते हैं।
शनि जयंती के दिन क्या दान करें: शनि जयंती के दिन काले तिल, काली उड़द की दाल, सरसों का तेल, काले वस्त्र, लोहे की वस्तुएं व जूते-चप्पल का दान करना चाहिए। मान्यता है कि इन चीजों का दान करने से शनिदेव प्रसन्न होते हैं।
शनि जयंती उपाय- शनि जयंती पर शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए सरसों का तेल अर्पित करना चाहिए। इस दिन काले रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए। शनि जयंती के दिन काला तिल, उड़द दाल व लोहा आदि का दान करना शुभ माना गया है। इस दिन गरीब व जरूरतमंद लोगों को जूते, छाता व वस्त्र का दान भी कर सकते हैं।