विषैले सांप ने युवक को डंसा, एक साल में तीसरी बार सर्पदंश का शिकार
-भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में गुरुवार की दोपहर हुई घटना, बहन के घर कलेवा ले जाने के लिए तैयार होने के बाद परफ्यूम खोजने के दौरान डंसा

-भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में गुरुवार की दोपहर हुई घटना -बहन के घर कलेवा ले जाने के लिए तैयार होने के बाद परफ्यूम खोजने के दौरान डंसा आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में गुरुवार की दोपहर विषैले सांप ने एक युवक को डंस लिया। इससे युवक की हालत गंभीर हो गई। युवक पैगा गांव निवासी प्रद्युम्न राम का 32 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार है। उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक एक साल के अंदर तीन बार सर्पदंश का शिकार हो चुका है।
पड़ोस के भाई महेंद्र प्रसाद ने बताया कि पंकज कुमार की चचेरी बहन की 29 अप्रैल को शादी हुई थी। गुरुवार की दोपहर पंकज बहन की ससुराल कलेवा लेकर जाने वाला था। इसके लिए वह तैयार होकर परफ्यूम खोज रहा था। उसी दौरान उसे एक विषैले सांप ने डंस लिया। तब पंकज ने चिल्लाया और कहा कि उसे सांप ने डंस लिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। पड़ोसी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि पंकज को एक साल के भीतर सांप ने तीसरी बार डंसा है। पहली बार एक वर्ष पूर्व पानी में मछली पकड़ने के दौरान और दूसरी बार करीब छह माह पूर्व टंकी साफ करने के दौरान सांप ने डंस लिया था। गुरुवार की दोपहर फिर एक सांप ने उसे डंस लिया। बताया जा रहा है कि करीब पांच साल पूर्व युवक के दो भाइयों की हादसे में मौत हो चुकी है। ऐसे में वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बचा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।