लखीसराय : लगातार बढ़ रही गर्मी एवं लू से जनजीवन अस्त-व्यस्त
गर्मी और लू ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं, और सुबह से ही तेज धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल के बच्चों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।...

कजरा, एक संवाददाता। लगातार बढ़ रही गर्मी व लू से इन दिनों जनजीवन पूरी तरह प्रभावित दिख रहा है़। कुदरत का कहर लोग झेलने को मजबूर हो गये हैं। भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिन प्रतिदिन गर्मी बढ़ती जा रही है। सूरज आग उगलने लगा है, तो लगातार बढ़ती गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त होने लगा है। अहले सुबह से ही चिलचिलाती धूप लोगों को घर से लेकर सड़कों तक झुलसा रही है। हालांकि, लोग आवश्यक कार्यों से घर से निकलने को मजबूर हैं। सुबह के 9 बजते ही तेज धूप से लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल होता जा रहा है। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से अधिकांश कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। सोमवार की सुबह से ही सूर्य का तेवर लोगों को झुलसा रहा था। इसके कारण सुबह से ही लोगो का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। इससे स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच नदी-तालाब आदि भी सूखने लगे हैं। गर्मी से बचाव के लिए लोग घरों में पंखा व कूलर का सहारा लेते दिखे, परंतु इससे भी लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिली। लोग दिन भर पसीने से त्रस्त दिखे। दोपहर में जहां चिलचिलाती धूप ने परेशान किया, वहीं गर्म हवा का कहर भी आम लोगों पर बरसता रहा। शहर के बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा दिखा़। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की समस्या भी लोगों क़ो सताने लगी है। एक तो अप्रैल में ही मई-जून से ज्यादा गर्मी पड़ रही है, ऊपर से बिजली कट भी लगना शुरू हो गया है़।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।