Women Empowerment Over 50 000 Participate in Dialogues for Development in Bhagalpur बाईपास पर ओवरब्रिज बने ताकि दुर्घटना कम हो, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsWomen Empowerment Over 50 000 Participate in Dialogues for Development in Bhagalpur

बाईपास पर ओवरब्रिज बने ताकि दुर्घटना कम हो

फोटो : यहां मेडिकल टीम भी रहे ताकि फर्स्ट एड की सुविधा मिले महिला

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरSat, 26 April 2025 04:13 AM
share Share
Follow Us on
बाईपास पर ओवरब्रिज बने ताकि दुर्घटना कम हो

भागलपुर, वरीय संवाददाता। महिला संवाद में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। जिले में अब तक 225 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन हो चुका है। जहां महिलाएं सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने से लेकर सुझाव तक दे रही हैं। अब तक 50 हजार से अधिक महिलाएं इस संवाद कार्यक्रम में हिस्सा ले चुकी हैं। महिला संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली महिलाएं चाहती हैं कि उनके गांव में स्कूल, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, खेल के मैदान, प्रखंड स्तर पर स्नातक स्तरीय कॉलेज, रोजगार के लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग-धंधे का विकास हो। वे चाहती हैं कि राज्य की उन्नति में महिलाओं की भागीदारी और बढ़े। इसके लिए नई नीतियों में महिलाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। संवाद में हो रही मांग और मिल रहे सुझाव से ‘हिन्दुस्तान भी शुक्रवार को तेज धूप के बावजूद शाम करीब 4.30 बजे गोराडीह के विशनपुर जिच्छो पंचायत रूबरू हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत बस में लगी एलईडी स्क्रीन पर महिलाओं को वीडियो फिल्म दिखाकर की गई। इसमें सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। खुले संवाद कार्यक्रम में बात रखने के लिए महिलाओं की बातों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा रही है। विशनपुर जिच्छो पंचायत में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने मुखर होकर अपनी बातें रखीं। रोशनी ग्राम संगठन की महिलाएं माथे पर आंचल रख धूप से बचने का प्रयास कर रही थीं। हाथ में बोतलबंद पानी रखी महिलाएं संवाद के दौरान अपनी बारी के इंतजार में रहीं। विशनपुर गांव की रहने वाली स्वीटी देवी, कविता देवी, पिंकी देवी और सपना देवी ने कहा कि जिच्छो के पास बाईपास पर ओवरब्रिज का निर्माण जरूरी है। यहां आए दिन दुर्घटना होती रहती है। साथ ही दुर्घटना की वजह से आपातकालीन स्थिति में यहां बाईपास के पास ही मेडिकल टीम यानी फर्स्ट एड की सुविधा होनी चाहिए।

महिलाओं ने कहा, मंडल टोला में खुले ग्रामीण हाट

मंडल टोला वार्ड संख्या 8 की जानकी देवी, मीना देवी, शोभा देवी और अनुराधा देवी ने विशनपुर गांव में ग्रामीण हाट शुरू करने की मांग की। जिससे स्थानीय स्तर पर उत्पादित वस्तुओं की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध हो सके। महिलाओं ने कहा कि यह इलाका अभी भी सब्जियों और गेहूं, चावल, दाल, तिलहन आदि का सबसे बड़ा उत्पादक क्षेत्र है।

विशनपुर में कंप्यूटर शिक्षा देने की महिलाओं ने की मांग

संवाद के दौरान विशनपुर के वार्ड नंबर 12 और 13 की रहने वाली मंजू देवी, रिंकी देवी और फूदो देवी ने कहा कि नल-जल योजना के तहत पानी का कनेक्शन है। मगर पानी नहीं आता है। इस योजना के तहत पानी की आपूर्ति में अपेक्षित सुधार की दरकार है। वहीं सुबाला देवी, सरिता निशा कुमारी, रानी कुमारी और बेबी देवी चाहती हैं कि विशनपुर में कंप्यूटर की शिक्षा की अच्छी व्यवस्था हो। जिससे उनके बच्चों को यहीं कंप्यूटर की अच्छी शिक्षा मिल सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।