कांग्रेस थेथर, देशद्रोहियों की पार्टी; गिरिराज सिंह के बयान पर सियासत सुलगी, आरजेडी ने किया पलटवार
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस को देशद्रोहियों की पार्टी और थेथर( बार बार समझाने पर भी बात नहीं मानने वाला) बताया है।

भाजपा नेता और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर फिर से बड़ा हमला किया है। उन्होंने कांग्रेस को देशद्रोहियों की पार्टी और थेथर( बार बार समझाने पर भी बात नहीं मानने वाला) बताया है। भागलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा कर रहे थे। इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी को नकम हराम करार दिया था। केंद्रीय कपड़ा मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस और राजद ने पलटवार किया है।
एक सवाल के जवाब में गिरिराज सिंह कांग्रेस पार्टी पर बिफर गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस थेथर पार्टी हौ। यह देश द्रोहियों की पार्टी है। देश में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा नहीं करती जबकि मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस पार्टी को भ्रम नहीं फैलाना चाहिए।सरकार ने रोजगार देने का जो वादा किया था उसे पूरा किया जा रहा है। इसकी बानगी है 30 करोड़ से ज्यादा ईपीएफओ नंबर। यह कांग्रेस पार्टी को दिखता ही नहीं है। जदयू और बीजेपी ने गिरिराज सिंह के बयान का समर्थन किया है।
केंद्रीय मंत्री के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने कहा कि मोदी जी ने हर साल दो करोड़ नौकरी देनेका वादा किया था। लेकिन इसे पूरा नही कर पाई। थेथरोलॉजी करने वाले बेशर्म तो आप लोग हैं। गिरिराज सिंह हिन्दू, मुस्लिम, पाकिस्तान करके अपनी कुर्सी बचाए हुए हैं।
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद की प्रतिक्रिया भी आई है। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह अपने मंत्रालय से बिहार को एक टेक्टसाइल पार्क नहीं दे पाए। एक भी कपड़ा का कारखाना क्यों नहीं लगाया?
भागलपुर में गिरिराज सिंह ने मोदी सरकार के 11 साल के कार्यों का ब्योरा दिया। कहा कि पीएम ने जो वादा किया उसे पूरा किया। कश्मीर में 370 हटाना, तीन तलाक हटाना, अयोध्या में राम मंदिर बनाना जैसे घोषणा पत्र के वायदों को पूरा किया गया।