महनार-हाजीपुर-पटना सरकारी बस सेवा का शुभारंभ
महनार-हाजीपुर-पटना सरकारी बस सेवा का उद्घाटन परिवहन मंत्री शिला मंडल एवं जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पटेल चौक पर किया। इस अवसर पर उन्होंने बस सेवा को आम आदमी के लिए महत्वपूर्ण बताया और...

महनार। संवाद सूत्र महनार-हाजीपुर-पटना सरकारी बस सेवा का उद्घाटन शुक्रवार को किया गया। राज्य की परिवहन मंत्री शिला मंडल एवं जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने महनार नगर के पटेल चौक पर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महनार-हाजीपुर-पटना सरकारी बस सेवा के उद्घाटन के लिए पटेल चौक पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। अतिथियों ने फूलों से सजी राज्य परिवहन निगम की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ महनार के युवाओं, विद्यार्थियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए परिवहन मंत्री शिला मंडल ने कहा कि आम आदमी के लिए सरकारी बस सेवा रीढ़ है।
कहा कि मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण और आमलोगों के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। यह बस सेवा उसका प्रमाण है। मंत्री शीला मंडल ने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाने वाले लोगों से आप सभी सावधान रहिए। ऐसे लोग बिहार को लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नीतीश कुमार का बिहार है। जहां चारों ओर तरक्की है, खुशाहाली है। आज गरीब का बच्चा शान से सरकारी विद्यालयों से लेकर निजी विद्यालयों तक शिक्षा ग्रहण कर रहा है। हमसभी जात-पात की राजनीति नहीं करते कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के अलावा कोई दूसरा काम करने वाला नेता नहीं है। हम सभी जात-पात की राजनीति नहीं करते हैं। हमारे नेता सभी वर्गों के उत्थान के लिए, बिहार के लोगों की खुशहाली के लिए, उनके राजनीतिक, आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहे हैं। मैं हमेशा जनता की सेवा में तत्पर रहता हूं। उन्होंने 2005 से पहले के महनार की स्थिति की चर्चा करते हुए कहा कि स्थिति बहुत भयावह थी। लोग घरों से निकलने से डरते थे। आज महनार विकास के रास्ते पर अग्रसर है। विकास नहीं पहुंचा है वहां करेंगे विकास आज नीतीश कुमार के नेतृत्व में महनार में पांच से अधिक विकास योजनाओं पर कार्य चल रहा है या कार्य हुआ है। कहा कि हमारा संकल्प है कि जहां विकास नहीं पहुंचा है वहां विकास पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान उमेश सिंह कुशवाहा ने परिवहन मंत्री से महनार में महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू करने की मांग किया। जिस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह इस पर विचार करेंगी। कार्यक्रम के दौरान जदयू प्रदेश सचिव में श्याम राय, जदयू जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह, जदयू नेता महेंद्र राम, जागेश्वर सिंह कुशवाहा आदि सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।