Law are made in Parliament not in Baba darbar Prashant Kishor take a dig at Dhirendra Shastri statement on Hindu rashtra कानून संसद में बनता है, बाबा के दरबार में नहीं; धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर प्रशांत किशोर का तंज, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi Newsबिहार न्यूज़Law are made in Parliament not in Baba darbar Prashant Kishor take a dig at Dhirendra Shastri statement on Hindu rashtra

कानून संसद में बनता है, बाबा के दरबार में नहीं; धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर प्रशांत किशोर का तंज

बागेश्वर धाम पंडित धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने तंज कसा है। उन्होने कहा कि देश का कानून संसद में बनता है, किसी बाबा के दरबार में नहीं बनता। अगर भाजपा उनके बयान का समर्थन कर रही है, तो संसद में कह दे कि हम हिन्दू राष्ट्र लागू करेंगे।

sandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, दरभंगाMon, 10 March 2025 06:49 PM
share Share
Follow Us on
कानून संसद में बनता है, बाबा के दरबार में नहीं; धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर प्रशांत किशोर का तंज

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को एक दिवसीय यात्रा पर दरभंगा पहुंचे। यहां उन्होंने परिसदन में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान बाबा बागेश्वर के हिन्दू राष्ट्र वाले बयान के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कोई बाबा देश नहीं चलाते हैं। देश में लोकतंत्र है, वह जो चाहे बोल सकते हैं। देश का कानून संसद में बनता है, किसी बाबा के दरबार में नहीं बनता। अगर भाजपा उनके बयान का समर्थन कर रही है तो मोदी और अमित शाह क्यों बोलते हैं कि हम संविधान से बंधे हुए हैं? अगर भाजपा में दम है तो संसद में कह दे कि हम हिन्दू राष्ट्र लागू करेंगे। उसे इसके लिए संसद में कानून लाना चाहिए।

प्रशांत किशोर ने कहा इस लोकसभा में जनता ने दिखा दिया कि संविधान बदलने का अधिकार किसी को नहीं है। दरभंगा के एक भाजपा विधायक की ओर से कही गयी होली के दिन मुसलमानों को घर से बाहर नहीं निकलने वाली बात पर प्रशांत किशोर ने कहा कि विधायक के बाप का राज है कि जो वो बोलेंगे वही लोग करेंगे। जनता को तय करना है उसे क्या करना है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को मुफ्त में मुसलमानों का वोट लेने की आदत है। अब मुसलमान उनके लालटेन से निकल रहे हैं।

ये भी पढ़ें:बिहार हमारा है, हम तो बिहारी हैं…RJD विधायक की धमकी पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री

प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें मुसलमानों को डराने की आदत है कि हमें वोट नहीं दोगे तो भाजपा आ जाएगी। अब मुसलमानों को विकल्प दिख गया है। उसका नाम है जन सुराज। इसलिए तेजस्वी ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। राजद की लालटेन का किरसान तेल है मुसलमान। जिस दिन मुसलमान राजद से निकल जाएंगे उस दिन लालटेन का बुझना तय है।

ये भी पढ़ें:मेरे सुझाव पर मुख्यमंत्री बने नीतीश, सीएम पर हमला कर क्या बोले प्रशांत किशोर
ये भी पढ़ें:JDU-RJD का मेल कराना मेरी राजनीतिक भूल, बोले प्रशांत किशोर; तेजस्वी को भी लपेटा

प्रशांत किशोर ने कहा कि दरभंगा में इस बार सीधा मुकाबला भाजपा और जन सुराज के बीच है। उन्होंने कहा कि विकल्प के अभाव में जनता भाजपा को वोट देती थी। लोगों ने लालू यादव का जंगलराज देखा था, इसी डर से भाजपा को वोट दिया जाता था। लेकिन इस विधानसभा चुनाव में खासकर शहरी क्षेत्रों में सीधा मुकाबला भाजपा और जन सुराज में होगा।