कॉलेज चौक पर जाम से दिनभर जूझे लोग
मधेपुरा के कॉलेज चौक पर बुधवार को भीषण जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को भी कठिनाई हुई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को...

मधेपुरा, हिटी। शहर के कॉलेज चौक पर बुधवार को भीषण जाम लगने के कारण वाहन चालक बेहद परेशान रहे। एनएच 106 पर वाहन चालक जाम से जूझते रहे। कॉलेज चौक पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थित बनी रही। पुलिस के जवान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए मशक्कत करते नजर आए। शहर के कॉलेज चौक पर बुधवार को दोपहर से ही जाम की समस्या खड़ी होने लगी। दिन के करीब एक बजे कॉलेज चौक पर भीषण जाम की समस्या खड़ी हो गयी। मधेपुरा- सिंहेश्वर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सड़क पर वाहन रेंगते नजर आने लगे।
दोपहिया वाहन चालक आड़े- तिरछे होकर जाम से निकलने के लिए मशक्कत करते दिखायी दिए। जाम के कारण पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। जाम में फंसे चंदन कुमार ने कहा कि वह करीब दो घंटे से जाम में फंसा है। जरूरी कार्य से उसे सिंहेश्वर जाना है। शहर के वार्ड 22 निवासी सूरज कुमार ने कहा कि उसे जरूरी कागजात जमा करने के लिए विश्वविद्यालय जाना है। जाम के समय पर विश्वविद्यालय पहुंचना मुश्किल लग रहा है। वार्ड 16 निवासी अशोक कुमार, रोहित कुमार ने कहा कि शहर कि शहर में जाम की समस्या गंभीर होने लगी है। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है। कमांडो दस्ता के पहुंचने के बाद कॉलेज चौक पर यातायात सुचारु हो सका। ट्रैफिक डीएसपी चेतानंद झा ने बताया कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। काॅलेज चौक पर बन गया अवैध ऑटो स्टैंड : मधेपुरा। सड़क पर अतिक्रमण के कारण शहर में जाम की समस्या गंभीर होने लगी है। सड़कों पर जगह- जगह अतिक्रमण जाम का बड़ा कारण बन रहा है। शहर के स्टेशन चौक पर अवैध टेम्पो स्टैंड बनने के कारण अक्सर जाम की समस्या खड़ी हो रही है। मधेपुरा-सहरसा रोड पर आवाजाही करने वाले लोगों को प्रतिदिन जाम से जूझना पड़ रहा है। कमोबेस यही हाल कर्पूरी चौक, सुभाष चौक आदि स्थानों का है। यात्रियों के इंतजार में सड़क पर टेम्पो को खड़ा किए जाने से पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सुखासन जाने वाले सड़क पर भी अतिक्रमण के कारण आएदिन जाम की समस्या खड़ी हो रही है। पुरानी कचहरी के पास भी जाम के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस के जवान को यातायात सुचारु करने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।