राजनगर में पर्यटकीय विकास की अपार संभावनाएं: भूपेन्द्र यादव
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने राजनगर का दौरा किया और राज परिसर का मुआयना किया। उन्होंने काली मंदिर, दुर्गा मंदिर और कामाख्या मंदिर में पूजा की। मंत्री ने राजनगर में पर्यटकीय विकास की...

राजनगर (मधुबनी)। केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने सोमवार को राजनगर का दौरा किया। दरभंगा राज घराने के कुमार कपिलेश्वर सिंह के साथ राज परिसर का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने सफेद संगमरमर से निर्मित काली मंदिर, दुर्गा मंदिर व कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंत्री ने बताया कि यह स्थान अतुलनीय है। यहां स्थित मंदिर, महल व ऐतिहासिक धरोहरों को देखकर दैवीय शक्ति व आध्यामिक चेतना की अनुभूति हुई। मंत्री ने कहा कि राजनगर में पर्यटकीय विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज पलैस को संवारने के लिए दरभंगा राज परिवार से वार्ता हो रही है। मंत्री कुमार कपिलेश्वर सिंह से राज पैलेस के वैभवशाली इतिहास से रूबरू हुए। मौके पर एसएसबी कमांडेंट दामोदर प्रसाद मीणा भी थे।
कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री को परिसर की महत्ता से अवगत कराया गया है। इस परिसर को विकसित करने की योजना है। इसके लिए सरकार से वार्ता जारी है। परिसर को संवारने के लिए हमसभी उत्सुक हैं। साथ में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, सांसद डॉ अशोक यादव, विधायक विनोद नारायण झा, विधायक मुरारी मोहन झा, एमएलसी देवेश कुमार, मेयर अरुण राय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभांषु झा, भाजपा नेता अमरनाथ प्रसाद, सुजीत पासवान, प्रो. हीरानंद आचार्य व सुधांशु झा ‘लड्डू समेत काफी संख्या में लोग थे।
मिथिला के विद्वान व ज्ञान देशभर में अनुकरणीय
केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि मिथिला का ज्ञान व यहां के विद्वान देशभर में अनुकरणीय हैं। शक्ति संप्रदाय की पूजा परम्परा में मिथिला का स्थान महत्वपूर्ण है। राजनगर राज पैलेस देखने के बाद केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यहां निर्मित मंदिर व महलों में स्थापत्य कला की अनूठी कलाकृति है। इसे देखकर अभिभूत हूं। यहां पर्यटकीय विकास की अपार संभावनाएं हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।