Darkness Engulfs Balua ROB Residents Demand Immediate Repairs of Street Lights बलुआ आरओबी पर लगी स्ट्रीट लाइटें महीनों से खराब, राहगीर असुरक्षित, Motihari Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMotihari NewsDarkness Engulfs Balua ROB Residents Demand Immediate Repairs of Street Lights

बलुआ आरओबी पर लगी स्ट्रीट लाइटें महीनों से खराब, राहगीर असुरक्षित

बलुआ आरओबी पर 75% स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं, जिससे रात में अंधेरा छा जाता है। इससे स्थानीय निवासियों और व्यवसायियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। महिलाएं सुबह टहलने में डरती हैं। नगर निगम से...

Newswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारीThu, 22 May 2025 06:02 PM
share Share
Follow Us on
बलुआ आरओबी पर लगी स्ट्रीट लाइटें महीनों से खराब, राहगीर असुरक्षित

बलुआ आरओबी, शहर के दो महत्वपूर्ण पूर्वी व पश्चिमी हिस्सों को आपस में जोड़ता है। बलुआ रेल ओवरब्रिज निर्माण के समय से ही मोतिहारी की सुंदरता और विकास का प्रतीक रहा है। आरओबी निर्माण के बाद नगर प्रशासन ने इस पर स्ट्रीट लाइट लगवाया। इससे आरओबी पर तथा आरओबी के नीचे रात के समय पर्याप्त रोशनी रहती थी। शाम ढलते ही जब रंग-बिरंगी स्ट्रीट लाइटें जगमगाती थीं, तो आरओबी की छटा देखते ही बनती थी। शहरवासी सुबह और शाम यहां टहलने आते थे और रोशनी में सुकून महसूस करते थे। खासकर महिलाएं सुबह चार बजे ही टहलने निकल जाती थीं, क्योंकि तब आरओबी पर पर्याप्त रोशनी रहती थी और वे सुरक्षित महसूस करतीं थी।

आरओबी के 75 फीसदी स्ट्रीट लाइट हो चुके हैं खराब

अब स्थिति बिल्कुल विपरीत है। बलुआ आरओबी के चांदमारी तरफ वाले भाग में तो स्थिति और भी भयावह है, जहां 90 फीसदी से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं। कचहरी साइड वाले भाग में भी आधे से अधिक स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। वहीं, गोलम्बर से अस्पताल चौक की तरफ जाने वाली लेन में जिला स्कूल तरफ के 90 फीसदी स्ट्रीट लाइट भी अपनी रोशनी खो चुके हैं। रात भर पसरा रहता है अंधेरा :बलुआ व्यवसायी संघ के संयोजक राहुल शर्मा, अध्यक्ष मेहुल लाल, पूर्व अध्यक्ष शेखर श्रीवास्तव, मुरली मनोहर प्रसाद, मुकेश कुमार, सुजय कुमार, श्यामनंदन मिश्रा,संजय कुमार, अशोक कुमार सिन्हा,गुड्डू श्रीवास्तव, ए के दुबे, रंधीर कुमार, ललन कुमार आदि के अनुसार, इन खराब स्ट्रीट लाइटों का सीधा असर आरओबी के नीचे के इलाके पर पड़ रहा है। आरओबी के नीचे हमेशा अंधेरा पसरा रहता है। इससे रात के समय चोर-उच्चकों का भय बना रहता है। अंधेरे के कारण आरओबी के नीचे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे माहौल और भी असुरक्षित हो गया है। कई बार नगर निगम प्रशासन से खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने की गुहार लगाई है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

पहले रोशनी से जगमगा रहता था आरओबी का इलाका

बलुआ के व्यवसायियों व आम लोगों ने बताया, पहले जब आरओबी पर लाइटें जलती थीं, तो शहर का यह एरिया बहुत सुंदर लगता था। सुबह-शाम टहलने में भी बहुत अच्छा लगता था। अब तो अंधेरा रहता है और डर भी लगता है। पहले महिलाएं सुबह चार बजे टहलने निकलती थी। लेकिन अब अंधेरा रहता है, इसलिए उन्हें टहलने निकलने में डर लगता है। अब महिलाओं को अकेले टहलने निकलने की हिम्मत नहीं होती। कुछ महिलाएं अब ग्रुप में टहलने निकलती हैं।

आरओबी के नीचे के व्यवसायियों में असुरक्षा

मुरली मनोहर प्रसाद, मुकेश कुमार, सुजय कुमार, श्यामनंदन मिश्रा,संजय कुमार, अशोक कुमार सिन्हा,गुड्डू श्रीवास्तव, ए के दुबे, रंधीर कुमार, ललन कुमार का कहना है कि अंधेरे के कारण रात में घरों व दुकानों के आसपास असुरक्षा का माहौल रहता है। इनका कहना है कि बलुआ आरओबी शहर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां रोशनी का होना जरूरी है, ताकि नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें और शहर की सुंदरता बनी रहे।

शहरवासियों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ नहीं

मुरली मनोहर प्रसाद, मुकेश कुमार, सुजय कुमार, श्यामनंदन मिश्रा,संजय कुमार, अशोक कुमार सिन्हा का कहना है कि आरओबी पर रात में अंधेरा रहने से न केवल आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण है, बल्कि शहर की छवि को भी धूमिल कर रही है। एक तरफ जहां सरकार शहरों को स्मार्ट बनाने की बात कर रही है, वहीं मोतिहारी नगर निगम अपने ही शहर के एक महत्वपूर्ण हिस्से में बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त करने में नाकाम साबित हो रहा है। इन लोगों ने शीघ्र पहल की मांग की है।

शिकायतें

1. आरओबी और इसके नीचे के इलाके में अंधेरा होने से राहगीर व स्थानीय निवासी रात के समय असुरक्षित महसूस करते हैं।

2. आरओबी के नीचे अंधेरा रहने से रात के समय आपराधिक गतिविधियों व दुर्घटनाओं का भय बढ़ गया है।

3. आरओबी के नीचे अंधेरा होने से रेलवे लाइन की तरफ रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।

4. असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने से आसपास का माहौल असुरक्षित हो गया है। इससे परेशानी होती है।

5. आरओबी का स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से अहले सुबह टहलने वाली महिलाएं अंधेरे के कारण असुरक्षित महसूस करती हैं।

सुझाव

1. बलुआ ओवरब्रिज की खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। इसके रखरखाव पर भी ध्यान देना होगा।

2. स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत व रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित टीम व बजट आवंटित किया जाना चाहिए।

3. स्ट्रीट लाइट बराबर खराब नहीं हो इसको ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाली एलईडी लाइटें लगाई जाये।

4. उच्च गुणवत्ता वाली एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाए, जो अधिक रोशनी दें और ऊर्जा-कुशल हों।

5. बलुआ आरओबी के स्ट्रीट लाइटों की नियमित निगरानी हो तथा शिकायत निवारण प्रणाली को विकसित किया जाए।

बोले जिम्मेदार

शहर के बलुआ आरओबी पर खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराया जाएगा। इसके लिए नगर आयुक्त को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा जाएगा। मोतिहारी नगर निगम की ओर से क्षेत्र को रौशनी से जगमग करने के लिए लगातार कदम उठाये जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र के अलावे निगम के अन्य क्षेत्रों में भी एलईडी लाइट लगाने के लिए निर्देश दिया गया है। नगर निगम शहरवासियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाये जा रहे हैं। प्रीति कुमारी, महापौर, मोतिहारी नगर निगम।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।