धर्म के नाम पर देश के लोगों को किया जा रहा गुमराह: एमएलसी
फोटो मुंगेर-10 , सोमवार को तिलक मैदान में कांग्रेस पार्टी के नव मनोनीत जिलाध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्ष के स्वागत में उपस्थित कांग्रेसजन

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी तिलक मैदान में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 134 वीं जयंती पर नव मनोनीत जिला अध्यक्ष अशोक पासवान व कार्यकारी अध्यक्ष इनामुल हक के स्वागत में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान जिला अध्यक्ष तथा जमालपुर के विधायक डॉ अजय कुमार सिंह कर रहे थे। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधान पार्षद डॉ समीर सिंह थे। कार्यक्रम की निगरानी के लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आब्जर्वर के रूप में महिला कांग्रेस की महासचिव अनामिका शर्मा को प्रतिनियुक्त किया गया था। नवमनोनीत जिला अध्यक्ष तथा कार्यकारी अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ समीर सिंह ने कांग्रेसजनों से बाबा साहब के बताए गए बातों को आत्मसात करते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सबों को साथ लेकर चलते रही है। जबकि वर्तमान समय में लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह कर देश में भाजपा के लोग अशांति पैदा करना चाह रहे हैं। हम क्रांग्रेसजनों को इसके लिये आम लागों को भ्रम में नहीं आने देने के लिए समाज के अंतिम व्यक्तियों तक पहुंचाना पड़ेगा।
उन्होंने श्री बाबू से लेकर बनारसी प्रसाद सिंह के किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि आज लोग सामंतवादी की चर्चा करते हैं , जबकि श्रीकृष्ण सिंह सवर्ण रहते हुए देवघर मंदिर में दलितों को पूजा करने का अधिकार दिलाया। नव मनोनीत जिला अध्यक्ष अशोक पासवान ने कहा कि मैं पिछले 40 वर्षों से पार्टी की सेवा में हूं। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष इनामुल हक ने कहा कि जो भी जिला उपाध्यक्ष एवं महामंत्री बनाए जाएंगे उन्हें सभी प्रखंडों में जिम्मेदारी देकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे निवर्तमान जिलाध्यक्ष सह जमालपुर विधायक डा अजय कुमार सिंह ने कहा कि जिलाध्यक्ष तथा कार्यकारी अध्यक्ष अब अपने दायित्व का अच्छी तरह से निर्वहन करेंगे। मेरे कार्यकाल में भी इन्होंने काफी सहयोग किया, मैं भी इनके कार्यकाल में बढ़ चढ़कर सहयोग करूंगा।
इस मौके प्रदेश की ओर से प्रतिनियुक्ति ऑब्जर्वर अनामिका शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से सबको साथ लेकर चलने का कार्य किया है, चाहे वह सवर्ण हो, दलित हो, महादलित हो, अल्पसंख्यक हो , सभी के लिए सोचती है। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी प्रो तारकेश्वर प्रसाद यादव, प्रकाश कुमार सिंह, राजकुमार मंडल, शकील अहमद, अकरम परवेज, चंदन सिंह, जुगल किशोर यादव, सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।