विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों में तेजी लाएगी सरकार
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने अधिकारियों को विशेष सर्वेक्षण और बंदोबस्त कार्य में तेजी लाने के लिए टास्क सौंपे। उन्होंने 20 जिलों के 5657 गांवों में धीमी प्रगति पर चिंता जताई और...

विशेष सर्वेक्षण और बंदोबस्त कार्य में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को टास्क सौंपा गया है। शनिवार को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई निर्देश दिये। मंत्री ने राज्य में प्रथम चरण के तहत 20 जिलों के 89 अंचलों के 5657 गांवों में चल रहे विशेष सर्वेक्षण की धीमी प्रगति पर चिंता जताई। अधिकारियों से कहा कि सभी राजस्व ग्रामों का विशेष सर्वेक्षण जल्द पूरा करें। मंत्री ने चेताया कि सर्वे कार्यक्रम में शिकायत मिलने पर पदाधिकारी और कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सर्वे शिविर का नियमित निरीक्षण करें। यहां रैयतों की शिकायतों का तुरंत समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य की मॉनिटरिंग मुख्यालय में अधिकारियों की टीम कर रही है और फील्ड में आने वाली दिक्कत दूर कर रही है।
दूसरे चरण के विशेष सर्वेक्षण के जिलों में स्वघोषणा एवं वंशावली जमा करने में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि पूर्वी तथा पश्चिमी चंपारण में रैयतों द्वारा स्वघोषणा एवं वंशावली प्राप्त करने की प्रगति बहुत धीमी है। अधिकारियों को इसमें गति लाने के निर्देश दिया। इससे पहले अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बंदोबस्त पदाधिकारियों से कहा कि विशेष सर्वेक्षण के दौरान रैयतों की सुविधा के लिए लगातार सुधार किये जा रहे हैं। सचिव जय सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी सप्ताह में शिविरों का निरीक्षण सुनिश्चित करें। मौके पर भू अभिलेख व परिमाप निदेशक कमलेश कुमार सिंह, संयुक्त सचिव अनिल कुमार पांडेय, वीरेंद्र कुमार, शैलेश कुमार श्रीवास्तव, मोना झा, नवाजिश सहित सर्वे कार्य से जुड़े अधिकारी और 38 बंदोबस्त पदाधिकारी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।