आकांक्षा : सिंघिया पंचायत में कोसी पर पुल हो ताकि बच्चे उच्च विद्यालय जाकर पढ सकें
-फोटो : 02 : महिला संवाद में उपस्थित महिलाएं। पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। श्रीनगर के सिंघिया पंचायत स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में गांव की 200 स

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। श्रीनगर के सिंघिया पंचायत स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में गांव की 200 से अधिक महिलाएं एक स्थान पर जमा हैं। सबकी नजरें एक चलंत वाहन में लगे एल ई डी स्क्रीन पर हैं। स्क्रीन पर प्रदर्शित हो रहे विडियो में सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाये जा रहे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। पिछले दो दशकों से ग्रामीण महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में लाने के सरकार के प्रयासों को संक्षिप्त लेकिन प्रभावी रूप से दिखाया जा रहा है। कुल तीन प्रकार के विडियो दिखाए जा रहे हैं जो 50 मिनट का है।
एक बालिका से लेकर व्यस्क तथा वृद्ध जनों तक की महिलाओं के लिए सरकार ने जो कल्याणकारी योजनायें बनाई हैं, उसका सटीकता के साथ प्रसारण किया जा रहा है। कुछ महिलाएं आपस में बात करती दिख रही हैं जो स्वयं को इन योजनाओं से वंचित पाती हैं। इस बीच कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच लीफलेट बांटा जा रहा है जिसमें महिला सशक्तीकरण से सम्बंधित कुल 31 योजनाओं की जानकारी दर्ज है। साथ में मुख्यमंत्री का राज्य की महिलाओं के नाम सन्देश पत्र भी है जिसमें राज्य के विकास में उनकी उल्लेखनीय भूमिका तथा सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त होकर समाज के नेतृत्व की बात समाहित है। विडियो प्रदर्शनी के तुरंत बाद कुछ महिलाएं मंच से अपने अनुभव को सबसे साझा करने कैनोपी में आ चुकी हैं। इनमें से अधिकतर महिलाएं जीविका स्वयं सहायता समूह की हैं। बेली जीविका स्वयं सहायता समूह की रुक्मिणी देवी बता रही हैं कि किस प्रकार उन्होंने अपनी समूह से ऋण लेकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारा। स्थिति बेहतर हुई तो आज अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवा रही हैं। गगन जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी लता दीदी ने अपनी आकांक्षा व्यक्त करते हुए कह रही हैं कि सिंघिया पंचायत के जितिया घाट में कोशी नदी पर एक पुल हो ताकि हमारे बच्चे उच्च विद्यालय जाकर पढ़ाई कर सके। समाज के प्रयेक वर्ग की ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक बदलाव का जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से चलाया जा रहा महिला संवाद कार्यक्रम अपने उद्देश्य की पूर्ति में सफल सिद्ध हो रहा है। एक तरफ सरकार की महिला सशक्तीकरण की विभिन्न योजनाओं से लाभ लेकर अपने जीवन को संवारने वाली महिलाएं अपनी आवाज सरकार तक पहुंचा रही हैं। वहीं अभी तक वंचित रह गए लोग अपने तथा अपने परिवार और गांव के हित में अपनी आकांक्षाओं को सरकार से साझा कर रही हैं। प्राप्त आकांक्षाओं तथा सुझाव के आधार पर सरकार अपने विभिन्न विभागों के सामंजस्य से इसे पूरा करने में जुटी है। एक सशक्त ग्रामीण समाज और सशक्त नारी की अवधारणा को सम्पूर्ण रूप से जमीन पर उतारने के लिए सरकार अपनी नीतियों में भी इसे ढालना चाह रही है। आज कार्यक्रम के 29 वें दिन जिले के 42 जीविका महिला ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभी तक कुल 1197 ग्राम संगठन में यह कार्यक्रम हो चुका है। 2 लाख 50 हजार से अधिक ग्रामीण महिलाएं इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से हिस्सा ले चुकी हैं। 36 हजार से अधिक की संख्या में व्यक्तिगत तथा सामूहिक आकांक्षाओं को दर्ज किया जा चुका है। कार्यक्रम जून के मध्य तक लगातार रूप से चलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।