पूर्व मुखिया के घर से लाखों के गहने की चोरी
समस्तीपुर के कोण वाजितपुर गांव में चोरों ने एक घर में लाखों रुपए मूल्य के जेवरात और नगद चोरी कर लिया। परिवार जलाभिषेक के लिए देवघर गए हुए थे। लौटने पर उन्हें घर का किवाड़ टूटा और सामान बिखरा हुआ मिला।...

समस्तीपुर। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के कोण वाजितपुर गांव के वार्ड 5 में बीती मंगलवार की रात चोरों ने घर का किवाड़ तोड़कर नगद समेत लाखों रुपए मूल्य के जेवरात की चोरी कर ली। घटना के संबंध में पूर्व मुखिया रूणा कुमारी ने बताया कि उनका पूरा परिवार बीते 19 अप्रैल की सुबह जलाभिषेक करने के लिए देवघर गए हुए थे। मंगलवार रात करीब 2 बजे के आसपास सभी लोग देवघर से वापस लौटे। जैसे ही घर के अंदर घुसे तो उन्होंने देखा कि घर का किवाड़ टूटा हुआ है और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। घर में रखे बक्से का ताला भी टूटा हुआ है। जिसमें करीब 15 हजार नगद के अलावे उनकी दोनों पुत्री का गहना जिसमें सोने की चेन, बाली, झुमका, नथिया आदि शामिल है सभी गायब है। इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय कर्पूरीग्राम थाने की पुलिस को दी गई। इसके बाद बुधवार की सुबह कर्पूरी ग्राम थाने से पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जाने की प्रक्रिया जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।