केंद्रीय मंत्री राजभूषण निषाद के रिश्तेदार पर हमला, बेगूसराय में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप
केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद के चचेरे मामा मालिक सहनी पर गुरुवार रात को अपराधियों ने गोली मार दी। उनका बेगूसराय के सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद के रिश्तेदार पर बिहार के बेगूसराय में हमला हुआ है। जिले के कुंभी गांव में गुरुवार रात को एक दुकान पर बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस वारदात से हड़कंप मच गया। दुकानदार मालिक सहनी (55) गोली लगने से घायल हो गए। वे केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री एवं मुजफ्फरपुर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद राजभूषण चौधरी निषाद के चचेरे मामा हैं। उनका बेगूसराय के सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक दिन पहले ही भागलपुर जिले के नवगछिया में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जानकारी के अनुसार मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद का ननिहाल बेगूसराय जिले में है। कुंभी गांव के भगवती चौक पर उनके चचेरे मामा मालिक सहनी दूध डेयरी की दुकान चलाते हैं। दो दिन पहले कुछ लोग बाइक पर सवार होकर एक शख्स दुकान पर आया था। उस वक्त मालिक का बेटा विकास दुकान पर था। उधार में कोल्डड्रिंक नहीं देने पर उसने जान से मारने की धमकी दी थी।
मालिक सहनी ने बताया कि गुरुवार रात को जब वह दुकान पर थे, तब दोनों बदमाश दोबारा आए और फायरिंग करने लगे। 3 गोलियां दुकान में जा घुसी। इसमें से एक गोली उनके दाहिने पैर में लगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
दूसरी ओर, नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच नल का पानी भरने को लेकर विवाद हो गया था। गुरुवार अहले सुबह दोनों ओर से की गई गोलीबारी में एक भांजे की मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई मंत्री की बहन भी घायल हो गई।