chhattisgarh weather forecast heavy rainfall in 20 districts orange alert छत्तीसगढ़ के 20 जिलों में होगी झमाझम बारिश, 60KM की रफ्तार से चलेगी हवा; ऑरेंज अलर्ट जारी, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़chhattisgarh weather forecast heavy rainfall in 20 districts orange alert

छत्तीसगढ़ के 20 जिलों में होगी झमाझम बारिश, 60KM की रफ्तार से चलेगी हवा; ऑरेंज अलर्ट जारी

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जिलों में तेज बारिश की संभावना बन रही है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रायपुरWed, 14 May 2025 01:44 PM
share Share
Follow Us on
छत्तीसगढ़ के 20 जिलों में होगी झमाझम बारिश, 60KM की रफ्तार से चलेगी हवा; ऑरेंज अलर्ट जारी

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के दिनों में मौसम मेहरबान बना हुआ है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पखवाड़ेभर से हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। सुबह गर्मी तो दोपहर बाद मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर जिले के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। एक दिन पहले भी मौसम विभाग ने 20 से ज्यादा जिलों के अलर्ट जारी किया था।

मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। तेज गर्मी वाले महीने में भी बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी है। मई के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे चला गया था, लेकिन मध्य छत्तीसगढ़ यानि रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, बिलासपुर, बेमेतरा, बालोद, छुईखदान-खैरागढ़ मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने लगी है। कई स्थानों पर पारा 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम गतिविधियों में बदलाव से हो रही बारिश

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबकि एक पश्चिमी विक्षोभ 73 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके अलावा एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार के ऊपर 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसी क्षेत्र से एक द्रोणिका दक्षिण ओडिशा तक, छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका पश्चिमी विदर्भ से केरल तक 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इन्हीं मौसम प्रणालियों के चलते बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी हुई है और इससे मौसम में बदलाव हो रहा है।

आगामी 3 से 4 दिनों तक मौसम में होगा बदलाव

मौसम विभाग के मुताबकि आगामी तीन से चार दिनों तक प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की भी आशंका है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि होगी। बता दें कि एक दिन पहले मौसम विभाग ने 20 से ज्यादा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया था। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया था। रायपुर में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। कई जगह पेड़ की टहनियां टूट गई।

छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में तापमान

- सरगुजा - 39 डिग्री

- कोरबा - 39 डिग्री

- बिलासपुर - 41.6 डिग्री

- दुर्ग - 41.2 डिग्री

- रायपुर - 41.8 डिग्री

- बेमेतरा - 40.2 डिग्री

- राजनांदगांव- 39.5 डिग्री

- रायगढ़ - 40.5 डिग्री

- मुंगेली- 40.5 डिग्री

- कांकेर - 38 डिग्री

- दंतेवाड़ा - 37.6 डिग्री

- बालोद - 40.1 डिग्री

- बलरामपुर 38.7 डिग्री

(रिपोर्ट - संदीप दीवान)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।